Home > अपना शहर ,
स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी जन-जन को देने हेतु जागरूकता रथ रवाना कलेक्टर ने दिखाई हरी झण्डी

प्रदेश सरकार द्वारा आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराने के साथ ही गरीब और कमजोर आयु वर्ग के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु अनेक जन कल्याणकारी योजनायें संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, इसके लिये स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक जागरूकता रथ ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। रथ का शुभारंभ कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने किया।

      कलेक्टर डॉ. गोयल ने स्वास्थ्य विभाग के जागरूकता रथ को रवाना करने के साथ ही अधिकारियों से कहा है कि इस रथ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाए। इसके साथ ही पीड़ित सभी परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके, यह सुनिश्चित किया जाए।

      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जागरूकता रथ डबरा एवं भितरवार ब्लॉक में चलाया जायेगा। इस रथ के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना, राज्य बीमारी सहायता निधि, जननी सुरक्षा योजना, सरदार वल्लभ भाई पटेल नि:शुल्क दवा वितरण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना आदि योजनाओं की लोगों को जानकारी दी जायेगी।

इन योजनाओं में लोगों को इलाज तथा बड़ी बीमारी जैसे कैंसर, किडनी, हृदय आदि बीमारियों के एपीएल तथा बीपीएल परिवार के सदस्यों को नि:शुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा शासन खर्च पर कराई जा रही है। रथ के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं की जानकारी देने और पीड़ित परिवारों को योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया जायेगा। पीड़ित परिवार इन योजनाओं का लाभ लेने हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के दूरभाष क्रमांक-0751-2452994 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

Share This News :