Home > अपना शहर ,
रेडक्रॉस सोसायटी के प्रयास से मुरार प्रसूतिगृह के समीप बना एक खूबसूरत उद्यान

ग्वालियर की रेडक्रॉस समिति मानव सेवा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के कामों में भी बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका का निर्वहन कर रही है। रेडक्रॉस सोसायटी के डॉ. आर पी शर्मा ने अपने दल-बल के साथ मुरार अस्पताल के पास जीर्ण-शीर्ण पड़े एक सार्वजनिक पार्क को हरा-भरा और व्यवस्थित करने का बेहतर कार्य किया है। इस कार्य के लिये उन्हें कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बधाई दी है।

      कलेक्टर डॉ. गोयल ने रोगी कल्याण समिति की बैठक में शासकीय प्रसूति गृह मुरार के वाउण्ड्रीवॉल के समीप जीण-शीर्ण पड़े पार्क को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए थे। रेडक्रॉस सोसायटी ग्वालियर द्वारा उक्त निर्देश के परिपालन में पार्क को विकसित करने का बीड़ा उठाया और पार्क के अंदर पक्की क्यारियाँ बनाकर मध्य भाग में टाइल्स तथा सड़क डालकर फूलदार पौधे लगवाए और घास को लगाकर एक बेहतर पार्क तैयार किया है। पार्क की सुंदरता देखते ही बनती है। इस पार्क के बन जाने से आस-पास के लोगों को तथा अस्पताल में आने वाले मरीज के परिजनों को बैठने-उठने की सुविधा प्राप्त हुई है।

      रेडक्रॉस समिति के सचिव डॉ. आर पी शर्मा ने पार्क की सुरक्षा की दृष्टि से गेट की भी व्यवस्था की है। गेट लग जाने से इस पार्क के अंदर जानवरों का प्रवेश बंद हो गया है और उद्यान व्यवस्थित बना रहता है। उन्होंने आस-पास के रहवासियों से भी उद्यान की देखरेख की जवाबदारी लेने का आग्रह किया है।

Share This News :