Home > अपना शहर ,
तेज गति से स्कूल बस चलाने पर अब होगी चालक के खिलाफ आईपीसी के तहत कार्रवाई

स्कूल संचालक भी होंगे दोषी – कलेक्टर डॉ. गोयल 

स्कूल बस चालक द्वारा तेज गति से स्कूल बस चलाने पर अब चालक के खिलाफ आईपीसी की धाराओं के तहत सीधे कार्रवाई होगी। स्कूल बस दुर्घटना होने पर स्कूल संचालक को भी दोषी ठहराया जायेगा। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने शनिवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित स्कूल संचालकों एवं बस ऑपरेटरों की बैठक में दिए। बैठक का आयोजन स्कूल बसों से हो रहीं दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा स्कूली बच्चों को पूरी तरह सुरक्षित स्कूल लाना तथा स्कूल से उनके घर तक पहुँचाने के मकसद से किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, एडीएम श्री शिवराज वर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री चौहान सहित स्कूल संचालक एवं बस ऑपरेटर्स उपस्थित थे।

      बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि स्कूल वाहन की अधिकतम गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घण्टा से अधिक नहीं होना चाहिए। वाहन में स्पीड गवर्नर भी लगा होना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि अभी तक जो भी घटनायें हुई हैं, बस चालकों की लापरवाही, उनके द्वारा तेज गति से बस चलाने के कारण हुई हैं। कलेक्टर ने कहा कि अब चालकों के खिलाफ चालान नहीं सीधे आईपीसी की धाराओं के तहत कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि स्कूली बसों से हो रहीं दुर्घटनाओं से स्कूल संचालक भी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते हैं वे भी उतने ही दोषी ठहराये जायेंगे, जितना उनकी बस का चालक है।

उन्होंने स्कूल संचालकों को हिदायत दी कि वे अपने बस चालकों को सुरक्षित बस सेवा करने का प्रशिक्षण दें। बसों पर ऐसे बस चालकों को ही रखें जो पूरी तरह से अनुभवी हों। उसका आपराधिक रिकॉर्ड न हो। चालक को रखने से पहले उसका पुलिस वैरीफिकेशन करायें। वह यातायात नियमों का पालन करने वाला हो। कलेक्टर ने स्कूल संचालकों से यह भी कहा कि वे बस के साथ स्कूल के अनुभवी स्टाफ को भी तैनात करें। चालकों के संबंध में स्कूली बच्चों से भी पूछताछ करते रहें। बच्चों के पालकों से भी चर्चा करते रहें। बस किस रफ्तार में चल रही है, इसकी जाँच भी सड़क पर रूककर करते रहें। कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिस स्कूल बस पर स्कूल का नाम एवं टेलीफोन नम्बर नहीं लिखें होंगे, उनके खिलाफ भी सीधे अब एफआईआर दर्ज कराई जायेगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने निर्देश देते हुए कहा कि स्कूल बसों से बढ़ती दुर्घटनाओं के लिये ड्रायवर के साथ-साथ स्कूल प्रबंधक भी दोषी है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना होने पर अब स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ पब्लिक सम्पत्ति की हुई क्षति के अंतर्गत हाईवे नियमों के तहत भी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधकों को पूर्व में भी इस आशय के नोटिस भी जारी किए गए हैं। किंतु स्कूल प्रबंधक इस मामले में गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बस चालकों की आपराधिक प्रवृति जाँच कराने के लिये वे सीधे एएसपी श्री दिनेश कौशल के कार्यालय में सूची देकर चालकों की पुलिस वैरीफिकेशन करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बस चालकों को नौकरी पर रखते समय उनसे यह शपथ पत्र भी लें कि उनके द्वारा पूर्व में कोई दुर्घटना तो नहीं हुई है। वे किसी भी तरह के अपराध से नहीं जुड़े हैं। उन्होंने कहा चालकों द्वारा दुर्घटना करने पर क्रिमिनल जिम्मेदारी तय की जायेगी। बैठक में स्पीड ब्रेकर बनाने तथा एप्रोच रोड़ पर यातायात सिग्नल लगाने पर भी चर्चा की गई।

इसके पूर्व एडीएम श्री शिवराज वर्मा ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा तथा मध्यप्रदेश शासन के अनुसार स्कूलों में अनुबंधित वाहनों के रख-रखाव के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों का उल्लेख किया। बैठक को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सहित बस ऑपरेटर्स एवं स्कूल संचालको ने भी संबोधित किया।

बैठक में यह भी दिए निर्देश

  • बसों के आगे पीछे व स्वच्छ अक्षरों में स्कूल का नाम व टेलीफोन नम्बर लिखा जाए।
  • वाहन का उपयोग शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों या कर्मचारियों को उनके किसी गतिविधि के संबंध में परिवहन के प्रयोजनार्थ ही किया जायेगा।
  • वाहन को पीले रंग का करना होगा, जिसके मध्य में हल्के नीले रंग की एक पट्टी पर शैक्षणिक संस्था का नाम लिखना आवश्यक है।
  • परमिट पर पंजीयन दिनांक से 15 वर्ष से पुराने मॉडल की वाहन संचालित नहीं की जायेगी। 15 वर्ष से पुराने मॉडल की वाहन होने पर परमिट स्वत: निरस्त हो जायेगा।
  • परिवहन यान चलाने हेतु अधिकृत चालक जिसे न्यूनतम 5 वर्ष का यात्री वाहन संचालन का अनुभव हो, से ही वाहन को संचालित कराया जाए तथा वाहन चालक को पूर्व में ट्रैफिक नियमों का दोषी ठहराया गया नहीं होना चाहिए।
  • वाहन में स्पीड गवर्नर लगवाया जाना आवश्यक होगा। वाहन की अधिकतम गति सीमा 40 कि.मी. प्रति घण्टा से अधिक नहीं होगी।
  • बच्चों के सीट के नीचे बस्ते रखने की व्यवस्था होनी चाहिए।
  • बच्चों के लिये पीने के पानी की व्यवस्था की जाए।
  • बस में प्राथमिक चिकित्सा हेतु फस्ट एड बॉक्स रखा जए।
  • बसों की खिड़कियों में आडी पट्टियाँ (ग्रिल) लगाई जाए।
  • बस में वाहन चालक के अतिरिक्त एक अन्य व्यक्ति, वह व्यक्ति यथासंभव स्कूल शिक्षक होना चाहिए, रखा जाए।
  • बस में दरवाजों पर लगे ताले ठीक स्थिति में हों।

Share This News :