Home > अपना शहर ,
नर्मदा के सरंक्षण और संवद्र्धन का सामाजिक आंदोलन है : बीडी शर्मा

ग्वालियर। ‘नमामि देवी नर्मदे’ नर्मदा सेवा यात्रा एक सामाजिक आंदोलन है, जिसमे माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा नदी के संरक्षण और संवद्र्धन का ध्वज थामा है। हमें इस आंदोलन को पूरी सक्रियता के साथ जन-जन तक पहुंचानें में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है। यह यात्रा सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं समूचे विश्व में नदी संरक्षण की दिशा में एक नजीर साबित हो रही है। उक्त उद्गार आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री बीडी शर्मा ने आज कैंसर चिकित्सालय के सभागार में नर्मदा सेवा यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित ग्वालियर चंबल संभाग की संयुक्ता बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
बैठक का संचालन ग्वालियर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र जैन ने एवं आभार मुरैना के जिलाध्यक्ष अनूप भदौरिया ने व्यक्त किया। इस अवसर पर मंच पर बीडी शर्मा, शैलेंद्र बरूआ, देवेश शर्मा, वीरेंद्र जैन उपस्थित थे। बैठक के प्रारंभ में मंचासीन अतिथियों ने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। बैठक के प्रारंभ में स्वागत भाषण भाजपा ग्वालियर महानगर के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने दिया।
बीडी शर्मा ने कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा के माध्यम से चलाए जा रहे समाजिक अभियान जैसे जल प्रदूषण पर रोक, पर्यावरण संरक्षण और वन संवर्धन का अनूठा संदेश साबित होगी जिससे आने वाला समय सुरक्षित होगा, क्योंकि नर्मदा का संरक्षण प्राणी मात्र के जीवन का संरक्षण है। जहां जल होगा वहीं जीवन होगा। उन्होंने ग्वालियर चंबल संभाग के कार्यकर्ताओं से उपयात्राओं के माध्यम से इस संभाग के सभी आमजन, साधु संतों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, युवाओं सहित सभी वर्गों व जातियों के लोगों को जोडने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर चंबल संभाग के विभिन्न जिलों की उपयात्राएं अपने अपने जिलों के पानी के प्रमुख स्त्रोंतों से जल एकत्रित कर उपयात्राओं के माध्यम से प्रमुख यात्राओं में शामिल होंगी। इसके तहत श्योपुर व शिवपुरी जिले की उपयात्राएं दिनांक 20 मार्च को सीहोर जिले के छीपानेर स्थान पर, मुरैना, दतिया, ग्वालियर एवं भिंड की उपयात्राएं दिनांक 25 मार्च को बुधनी घाट पर, अशोकनगर जिले की उपयात्रा 29 मार्च को रायसेन जिले के भारकक्षकला स्थान पर तथा गुना जिले की उपयात्रा 3 अपै्रल को रायसेन जिले के गौरास स्थान पर मुख्य यात्राओं में शामिल होंगी।
उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी मध्यप्रदेश की जीवन रेखा और जन-जन की आस्था का केंद्र है। इसी का जल पीकर मानव अपना शारीरिक सौष्ठव बनाता है। लोक परलोक संवारता है, क्योंकि जनधारणा है कि जो पुण्य लाभ मां गंगा में स्नान से प्राप्त होता है वहीं पुण्य लाभ मां नर्मदा के दर्शन मात्र से मिल जाता है। उन्होंने ग्वालियर चंबल संभाग में निकाली जाने वाली उपयात्राओं को भव्यता के साथ एवं आमजन को अधिक से अधिक संख्या में जोडकर जनआंदोलन का रूप देने का उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया। साथ ही श्री बरूआ ने 5 मार्च को मुख्यमंत्री के जन्मदिन को व्यापक रूप से सेवापर्व के रूप में मनाने तथा अजीवन सहयोग निधि के कार्य को भी निश्चित समय-सीमा में पूर्ण करने का कार्यकर्ताओं से आव्हान किया। बैठक में मुख्य रूप से ग्वालियर चंबल संभाग के सभी जिलों के भारतीय जनता पार्टी के सभी जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्रीगण, संभाग में निवासरत प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, महापौर, जिला पंचायत सदस्य एवं नगरपालिका अध्यक्ष उपस्थित थे।

Share This News :