Home > अपना शहर ,
देश के सामाजिक एवं आर्थिक पुनर्निर्माण में युवा योगदान दें – राज्यपाल श्री कोहली

मातृभूमि के प्रति प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकार न भुलाएँ – श्री पवैया

नोवेल पुरस्कार से अलंकृत श्री सत्यार्थी डी.लिट् की मानद उपाधि से विभूषित

जीवाजी विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह आयोजित 

देश के सामाजिक एवं आर्थिक पुनर्निर्माण को गति देने में युवा योगदान दें। आजादी मिलने के बाद देश में सामाजिक और पुनर्निर्माण का दौर चल रहा है। मगर इसे और गति देकर भारत को विकसित राष्ट्र और महाशक्ति बनाने के लिये युवाओं को आगे आने की जरूरत है। उक्त आशय का आहवान मध्यप्रदेश एवं गुजरात के राज्यपाल श्री ओमप्रकाश कोहली ने जीवाजी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उपाधि एवं डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से किया। दीक्षांत समारोह प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। नोवेल शांति पुरस्कार से अलंकृत श्री कैलाश सत्यार्थी को समारोह में डी.लिट् की मानद उपाधि से विभूषित किया गया।

      शुक्रवार को यहाँ जीवाजी विश्वविद्यालय के जिमनेजियम हॉल में आयोजित हुए भव्य एवं गरिमामयी दीक्षांत समारोह में 161 विद्यार्थियों को पीएचडी, 46 विद्यार्थियों को गोल्ड मैडल एवं 11 विद्यार्थियों को एम.फिल की उपाधि से विभूषित किया गया। इसके अलावा वर्ष 2014-15 व 2015-16 में स्नातकोत्तर परीक्षा पास करने वाले 135 विद्यार्थियों को डिग्री सौंपी गईं। राज्यपाल श्री कोहली एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने गोल्ड मैडल प्रदान किए। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने मंच से पीएचडी व एम.फिल की उपाधि विद्यार्थियों को सौंपी। साथ ही स्नातकोत्तर डिग्रीधारियों को मंच से डिग्री प्रदान करने की घोषणा की। कुलपति ने विद्यार्थियों को शपथ भी दिलाई।

राज्यपाल श्री कोहली ने इस अवसर पर यह भी आहवान किया कि विश्वविद्यालय अपने कार्यक्रम में बदलाव कर ऐसी शिक्षा प्रदान करे, जो रोजगार सुनिश्चित करती हो। रोजगार न मिलने से युवाओं में हताशा व कुंठा पैदा होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए “मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया व डिजिटल इंडिया” को विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों का हिस्सा बनाने पर बल दिया। श्री कोहली ने कहा कि अच्छी शिक्षा वही है जो हमें संवेदना से परिपूर्ण बनाये। इसलिये युवा ज्ञानयुक्त बनने के साथ-साथ संवेदनायुक्त भी बनें। उन्होंने कहा युवा ऐसे समाधान खोजें, जिससे बेहतर समाज की रचना हो। राज्यपाल ने दीक्षांत समारोह में उपाधि एवं डिग्री प्राप्त करने वाले  सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनायें दीं।

      समारोह के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने दीक्षांत उदबोधन दिया। उन्होंने दीक्षांत समारोह में मौजूद विद्यार्थियों से आहवान किया कि अपने जीवन की बेहतरी के लिये आगे बढ़ें, मगर सामाजिक सरोकार और मातृ भूमि के प्रति प्रतिबद्धता को कभी न भूलें। साथ ही सदैव अपना आत्मविश्वास बनाये रखें। जिंदगी में ऊँची उड़ान आत्मविश्वास से ही भरी जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा धन एवं बड़े शहरों की चेरी नहीं होती। महान गणितज्ञ आर्यभट्ट और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम आजाद इसके उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जो साधारण से घर में जन्म लेकर सर्वोच्च शिखर तक पहुँचे। श्री पवैया ने कहा जैसी हमारी दृष्टि होगी वैसी ही श्रृष्टि की रचना होगी। उन्होंने कहा युवाओं में राष्ट्रभक्ति एवं महापुरूषों के प्रति सम्मान भाव जागृत हो और वे इनसे प्रेरणा ले सकें, इसके लिये प्रदेश सरकार द्वारा महाविद्यालयों में राष्ट्रध्वज फहराना और महापुरूषों की तस्वीरें लगाना अनिवार्य किया गया है।

      उच्च शिक्षा मंत्री ने इस अवसर पर यह भी कहा कि विश्वविद्यालयों का मुख्य काम शोध भी है। इसलिये विश्वविद्यालय इस दिशा में भी गंभीरता से आगे बढ़ें। उन्होंने आहवान किया कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय एक-एक गाँव को गोद लेकर विकसित करें, जिससे अन्य ग्राम इनसे प्रेरणा ले सकें।

      दीक्षांत समारोह का शुभारंभ एवं समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह का संचालन विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. आनंद मिश्र ने किया। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, आचार्यगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्रायें व उनके अभिभावक मौजूद थे।

भारत को नौकरों का नहीं निर्माताओं का देश बनायें – श्री सत्यार्थी

      नोवेल शांति पुरस्कार से अलंकृत श्री कैलाश सत्यार्थी ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों का आहवान किया कि भारत को नौकरों का नहीं निर्माताओं का देश बनायें। उन्होंने कहा किसी के पीछे चलने वालों का नहीं, अपना देश नायकों का देश बने। मातृ भूमि को आप सबसे बहुत अपेक्षा है। उन्होंने उपाधि एवं डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सदैव इस बात का स्मरण रहे कि हम दुनिया को विश्व बंधुत्व का पाठ पढ़ाकर मानवता का प्रकाश फैलायेंगे। श्री सत्यार्थी ने जीवन पथ पर आगे बढ़ने के लिये ड्रीम, डिस्कवर व डू के रूप में थ्री-डी फॉर्मूला के जरिए सफल जीवन का फार्मूला बताया। उन्होंने कहा बड़ा सपना देखें और उसे पूरा करने के लिये यत्न करें। साथ ही देश एवं मानवता के कल्याण के लिये भी सपना देखें। अवसर आपके दरवाजे पर खड़े हैं। अपने भीतर के नायक व संभावनाओं को तलाशें। कठिनाईयों से डरें नहीं, क्योंकि ये संभावनाओं की हत्या कर देती हैं। दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ें और समय का सदुपयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि अपने माता-पिता, गुरू एवं परिजनों के प्रति कृतज्ञता का भाव सदैव मन में रखें।

    

Share This News :