Home > अपना शहर ,
आपदा प्रबंधन की जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न

संस्थान द्वारा जिला स्तर की कार्ययोजना तैयार करने हेतु बताए महत्वपूर्ण पहलू 

जिले की आपदा प्रबंधन कार्ययोजना तैयार करने के लिये आपदा प्रबंधन संस्थान भोपाल के नोडल अधिकारी डॉ. आशीष के. पात्रा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों को आपदा प्रबंधन कार्ययोजना में शामिल की जाने वाली महत्वपूर्ण जानकारी से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जिले की आपदा प्रबंधन कार्ययोजना बनाते समय प्राकृतिक आपदाओं के साथ ही गैस, पानी, रेल तथा जिले में लगने वाले मेलों को भी ध्यान में रखना चाहिए।

जिला स्तरीय इस कार्यशाला में कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, एडीएम श्री शिवराज वर्मा सहित अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, पुलिस प्रशासन के अधिकारी और विभागीय अधिकारियों को आपदा प्रबंधन के संबंध में विस्तार से बताया गया।

      आपदा प्रबंधन संस्थान के नोडल अधिकारी श्री पात्रा ने कार्यशाला में कहा कि जिले की आपदा प्रबंधन कार्ययोजना तैयार करने के साथ ही जिला स्तर पर एक सलाहकार एवं मॉनीटरिंग कमेटी का गठन भी किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर इस  कमेटी के विषय विशेषज्ञ अपनी राय दे सकें। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के लिये प्रत्येक जिले को 50 लाख रूपए तक देने का प्रावधान है। जिले की कार्ययोजना सभी विभागों के समन्वय से तैयार कर भेजी जाए, ताकि जिले को आपदा प्रबंधन हेतु धनराशि उपलब्ध हो सके।

      उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में जहाँ पर गैस की पाइप लाईन डाली गईं हैं, उनको भी कार्ययोजना में शामिल किया जाए। इसके साथ ही जल शुद्धिकरण केन्द्र पर क्लोरीन, गैस के भण्डारण के आसपास सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध भी किए जाए। जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन प्लान तैयार करने के साथ ही विभागीय स्तर पर भी अधिकारी अपनी-अपनी कार्ययोजना बनाकर जिला स्तर पर प्रस्तुत करें, ताकि जिला स्तर की कार्ययोजना में उसका समावेश किया जा सके।

      आपदा प्रबंधन संस्थान द्वारा प्रजेण्टेशन के माध्यम से आपदा प्रबंधन कार्ययोजना के विभिन्न पहलुओं का विस्तार से बताया गया। विभागीय अधिकारियों ने इस अवसर पर कई प्रश्न पूछे, जिनका आपदा प्रबंधन संस्थान के अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने विभागीय अधिकारियों को आपदा प्रबंधन के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों के पालन में त्वरित कार्रवाई करने को कहा। विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग की आपदा प्रबंधन योजना तैयार कर जिला स्तर पर प्रस्तुत करें, ताकि जिला स्तर पर बनने वाली कार्ययोजना में उसका समावेश किया जा सके।

Share This News :