Home > अपना शहर ,
चारे के लिये गैर परम्परागत वनस्पतियों को अपनाने की जरूरत - डॉ. गुरबचन सिंह

चारा प्रबंधन पर कृषि विश्वविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी शुरू 

चारा क्षेत्र लगभग स्थिर है, भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर चारा उत्पादकता बढ़ाना आवश्यक है। अनउपजाऊ भूमि का उपयोग चारा एवं चारागाह विकास के लिये करना चाहिए। यह बात कृषि वैज्ञानिक चयन मंडल दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. गुरवचन सिंह ने कही। उन्होंने कहा प्रासोपिस वृक्ष तथा काँटा रहित नागफनी जैसे बहुउद्देशीय वनस्पतियों के अधिकाधिक उपयोग चारे की कमी दूर की जा सकती है। डॉ. गुरवचन सिंह राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में शुक्रवार से शुरू हुई दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के उदघाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

""इक्कीसवीं शताब्दी में चारा संसाधनों और पशुधन उत्पादकता के प्रबंधन में चुनौतियाँ एवं अवसर"" विषय पर यह संगोष्ठी भारतीय रेंज प्रबंधन समिति, भारतीय चरागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान, झाँसी एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रही है। यह संगोष्ठी कृषि महाविद्यालय के सभागार में आयोजित हो रही है। उदघाटन सत्र की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ए के सिंह ने की। इस अवसर पर आर.एम.एस.आई. के चारा एवं चरागाह अनुसंधान से संबंधित प्रकाशनों का विमोचन किया गया। इस संगोष्ठी में देश के विभिन्न प्रांतों के लगभग 200 वैज्ञानिक अपने शोध पत्र प्रस्तुत कर रहे है। संगोष्ठी को पांच तकनीकी सत्रों में विभाजित किया गया है। इस संगोष्ठी में देश में चारा संसाधनों की कमी को दूर करने में महत्वपूर्ण दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. गुरवचन सिंह ने कहा कि कृषि वानिकी की चारा उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका है। वर्षा ऋतु का अतिरिक्त चारा संरक्षित करने की भी जरूरत है। डॉ गुरबचन सिंह को कृषि अनुसंधान में उल्लेखनीय योगदान के लिए ""लाइफ टाइम एचीवमैन्ट"" का पुरस्कार इस कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

      विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ए के सिंह ने कहा कि देश में खान पान में दुग्ध तथा दुग्ध उत्पादों का उपयोग बढ़ता जा रहा है। अत: हमे अपने पशुओं की उत्पादकता बढाने की आवश्यकता है। इस कार्य में चारा एवं चरागाह की विशेष भूमिका है। किसानों की आय दुगना करने के लिये फसलों के साथ-साथ बेहतर पशुपालन की भी जरूरत है।

      निदेशक भारतीय चरागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान डॉ. पी.के. घोष ने कहा कि देश में चारा उत्पादन एवं उत्पादकता बढाने के लिए संस्थान योगदान दे रह है। उन्होंने आर.एम.एस.आई की गतिविधियों एवं उपलब्धियों से सभी को अवगत कराया। डॉ. घोष ने कहा संस्थान द्वारा चारा फसलों एवं धानों की नई किस्मों का विकास किया जा रहा है। तथा सभी अनुसंधान किसानों तक पहुचाने के लिए विभिन्न प्रसार कार्यक्रम जैसे चरागाह एवं चारा पॉलिसी चलाई जा रही है।

इस अवसर पर डॉ. एस.एस. गोस्वामी, कुलपति, कृषि विश्वविद्यालय, बाँदा (उ.प्र.), डॉ. बी. मन्डल, कुलपति, बी.सी.के.वी., कल्याण (पं. बंगाल) को आर.एम.एस.आई. द्वारा कृषि वैज्ञानिकों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया। डॉ. शारदा, सदस्य, ए.एस.आर.पी., डॉ. श्रीवास्तव सदस्य, ए.एस.आर.वी, डॉ. व्ही.एस. तोमर, कुलपति, जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर, डॉ. एस.के. महत्ता, डॉ. सुल्तान सिंह, डॉ. ए.के. मिश्रा, डॉ. ए.के. त्रिपाठी, डॉ. डी. विनय, डॉ. डी आर. पल्सारिया, डॉ. झा, डॉ. सत्यप्रिया, डॉ. के.के. द्विवेदी आदि वैज्ञानिकों को भी पुरस्कृत किया गया। यंग साइंटिस्ट अवार्ड डॉ. एन. श्रीनिवासन, डॉ आर.पी. शाह, डॉ. मंजू नाथ, एवं बेस्ट रिसर्च पेपर अवार्ड 2015 डॉ. आर.पी. नागर एवं 2016 के लिये डॉ. भूपेन्दर कौर को प्रदान किया गया।

डॉ. ए.पी. दीक्षित, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, ग्वालियर ने अतिथियों का स्वागत किया। धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. सुनील कुमार तिवारी, सचिव आर.एम.एस.आई. द्वारा दिया गया कार्यक्रम का संचालन डॉ. डी. विजय (वरिष्ठ वैज्ञानिक) द्वारा किया गया।

Share This News :