Home > अपना शहर ,
कृषि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी आज से

देश भर के कृषि वैज्ञानिक करेंगे चारागाह विकास पर विचार मंथन 

देशभर के कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता एवं चुनिंदा प्रगतिशील किसान 3 व 4 मार्च को राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में विचार मंथन करेंगे। मौका होगा “21वीं शताब्दी में चारा संसाधनों और पशुधन उत्पादकता के प्रबंधन में चुनौतियाँ और अवसर” विषय पर इन तिथियों में राजमाता कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर में आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय संगोष्ठी का।

      भारतीय रेंज प्रबंधन समिति, भारतीय चारागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान झाँसी और राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय संगोष्ठी का उदघाटन 3 मार्च को प्रात: 9.30 बजे कृषि वैज्ञानिक चयन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. गुरूवचन सिंह करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ए के सिंह करेंगे। इस अवसर पर निदेशक भारतीय चारागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान डॉ. पी के घोष भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय संगोष्ठी में देश के विभिन्‍न राज्यों के लगभग 200 वैज्ञानिक, शोधकर्ता एवं किसान आमंत्रित किए गए हैं।

      राष्ट्रीय संगोष्ठी में पशुधन क्षेत्र की समस्याओं खासकर गुणवत्ता वाले चारे की उपलब्धता तथा पशुधन की दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर विचार विमर्श होगा। साथ ही ऐसे हल निकाले जायेंगे, जिससे सूखे तथा हरे चारे की कमी को पूरा करते हुए पशुओं की उत्पादकता को बढ़ाया जा सके।

      विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ए के सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय संगोष्ठी में पाँच तकनीकी सत्र होंगे। जिनमें खेती के योग्य एवं अयोग्य भूमि से चारा उत्पादन के लिये रणनीतिक अनुसंधान, चारे के आनुवांशिक संसाधन की वर्तमान स्थिति तथा भविष्य की जरूरत व सुधार, बायोटिक एवं गैर बायोटिक स्ट्रेस प्रबंधन पर वरीयता अनुसंधान, पौध पशु संबंधित कटनोत्तर प्रबंधन एवं चारा उपयोगिता के बारे में अनुसंधान के नये आयाम और चारा तकनीकी हस्तांतरण, योजना संबंधित बातें एवं पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप जैसे विषय शामिल हैं।

Share This News :