Home > अपना शहर ,
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में चार दिवसीय “बिटिया उत्सव” 7 मार्च से

देश के जाने-माने विद्वान कलाकार एवं विषय विशेषज्ञ करेंगे शिरकत

चित्रकला शिविर, संवाद, पूर्वरंग और नाटकों की होगी प्रस्तुति 

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ग्वालियर में 7 से 10 मार्च तक “बिटिया उत्सव” आयोजित होगा। बिटिया उत्सव में चित्रकला शिविर, संवाद, नाट्य प्रस्तुति और पूर्व रंग कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में देश के जाने-माने विद्वान, कलाकार और विषय-विशेषज्ञ शिरकत करेंगे। बिटिया उत्सव के कार्यक्रम सिटी सेंटर स्थित शिवाजी उद्यान और राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में आयोजित होंगे।

      संयुक्त संचालक महिला संसाधन केन्द्र श्री सुरेश तोमर ने बताया कि बिटिया उत्सव का शुभारंभ 7 मार्च को प्रात:काल 11 बजे शिवाजी उद्यान में चित्रकला शिविर के उदघाटन के साथ होगा। देश ख्यातिनाम चित्रकार श्री अनवर इस शिविर का उदघाटन करेंगे। चित्रकला शिविर में देश के जाने-माने चित्रकार हिस्सा लेंगे। इनमें सुश्री सुप्रिया अम्बर व श्री विनय अम्बर जबलपुर, सुश्री सोनाली चौहान व श्री जयप्रकाश चौहान देवास, सुश्री विनीता नईदिल्ली तथा डॉ. अमिता खरे, सुश्री शिल्पी महोले व डॉ. सुमिता अयूब ग्वालियर सहित अन्य स्थानीय चित्रकला के विद्यार्थी शामिल हैं।

      सात मार्च को दोपहर 2 बजे से राज्य स्वास्थ्य एवं प्रबंधन संसथान में संवाद कार्यक्रम के तहत “पत्रकारिता” में स्त्री विषय पर विमर्श होगा। इस कार्यक्रम में प्रतिष्ठित पत्रकार श्री आनंद प्रधान व सुश्री मनीषा पाण्डेय व सुश्री गीता श्री नईदिल्ली एवं सुश्री श्रुति तोमर भोपाल शिरकत करेंगे। संवाद कार्यक्रम का संचालन श्री जयंत तोमर करेंगे। इस दिन सायंकाल 6 बजे शिवाजी उद्यान में पूर्व रंग कार्यक्रम के अंतर्गत “लंगुरिया गायन” गायन होगा। इसके बाद यहीं पर सायंकाल 7.30 बजे अयाज खान के निर्देशन में परिवर्तन समूह द्वारा “गदल” नाटक की प्रस्तुति दी जायेगी। इस कार्यक्रम का उदघाटन उपसचिव संगीत नाटक अकादमी नईदिल्ली श्री सुमन कुमार करेंगे।

      आठ मार्च को दोपहर 2 बजे राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में “सिनेमा में स्त्री” विषय पर विमर्श होगा, जिसमें सुप्रसिद्ध सिने समीक्षक श्री जयप्रकाश चौकसे इंदौर, सुप्रसिद्ध सिने अदाकारा सुश्री लुब्ना सलीम मुम्बई, सुश्री आकांक्षा पारे व श्री प्रांजल धर नईदिल्ली व सुश्री रेणू शर्मा ग्वालियर अपने विचार रखेंगीं। इस दिन पूर्वरंग कार्यक्रम के अंतर्गत सायंकाल 6 बजे शिवाजी उद्यान में “फाग” गायन होगा। इसके बाद यहीं पर सायंकाल 7.30 बजे से सुश्री साजिदा साजी के निर्देशन में ट्रेजर आर्ट एसोसिएशन नईदिल्ली द्वारा “बाड़ा” नाटक की प्रस्तुति दी जायेगी। इस कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध नाट्य निदेशक जनाब सलीम आरिफ मुम्बई व सुश्री मधु चौगांवकर नासिक करेंगे।

      बिटिया उत्सव के तहत 9 मार्च को प्रात: 11 बजे राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में “काव्यपाठ” का आयोजन होगा। इसमें सुश्री सुमन केसरी, श्री पवन करण व श्री नेहा नरूका काव्यपाठ करेंगी। इस दिन संवाद कार्यक्रम के तहत दोपहर 2 बजे यहीं पर “कविता में स्त्री” विषय पर विमर्श होगा, जिसमें श्री लीलाधर मंडलोई नईदिल्ली, श्री पवन करण ग्वालियर, सुश्री सुजाता व श्री अविनाश मिश्र नईदिल्ली व श्री अनुपम सिंह प्रतापगढ़ अपने विचार रखेंगे। पूर्वरंग कार्यक्रम के तहत सायंकाल 6 बजे शिवाजी उद्यान में “कन्हैया गायन” होगा। इसके बाद यहीं पर श्री के जी त्रिवेदी के निर्देशन में त्रिकर्षि भोपाल द्वारा “वंशज” नाट्य की प्रस्तुति दी जायेगी। इससे पहले परिवर्तन समूह द्वारा भोपाल के वरिष्ठ रंगकर्मी श्री के जी त्रिवेदी को डॉ. कमल वशिष्ठ सम्मान से विभूषित किया जायेगा।

      इसी कड़ी में 10 मार्च को प्रात: 11 बजे राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में “कहानी पाठ” का आयोजन होगा। इसमें श्री महेश कटारे व श्री मनीष कुलश्रेष्ठ कहानी पाठ करेंगे। दोपहर 2 बजे संवाद कार्यक्रम के तहत “कहानी मे स्त्री” विषय पर विचार मंथन होगा। इसमें श्रीमती ममता कालिया नईदिल्ली, सुश्री रोहिणी अग्रवाल रोहतक, श्री महेश कटारे व श्री तरूण भटनागर ग्वालियर एवं सुश्री कविता नईदिल्ली अपने विचार प्रस्तुत करेंगी। सायंकाल 6 बजे पूर्वरंग कार्यक्रम के तहत शिवाजी उद्यान में रायबरेली के श्री शीलू सिंह राजपूत “आल्हा गायन” करेंगे। सायंकाल 7.30 बजे सुश्री प्रियंका ठाकुर के निर्देशन में स्विच ऑन स्क्यूरी आर्ट ऑर्गनाइजेशन भोपाल द्वारा “नचनी” नाटक की प्रस्तुति दी जायेगी।

Share This News :