Home > अपना शहर ,
दीनदयाल रसोई योजना एक अप्रैल से

पाँच रूपए में मिलेगा स्वादिष्ट भोजन : ग्वालियर में बस स्टेड पर प्रारंभ होगा केन्द्र 

गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को सस्ती दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में दीनदयाल रसोई योजना एक अप्रैल से प्रारंभ की जा रही है। इस योजना के तहत पाँच रूपए में व्यक्ति को स्वादिष्ट और भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जायेगा। दीनदयाल रसोई योजना प्रथम चरण में जिला मुख्यालय के नगरीय क्षेत्र में क्रियान्वित की जायेगी। ग्वालियर में बस स्टेण्ड पर केन्द्र स्थापित कर इस योजना का शुभारंभ किया जायेगा।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने आज विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी को निर्देश दिए कि बस स्टेण्ड पर योजना के क्रियान्वयन हेतु केन्द्र स्थापित करने की सभी व्यवस्थायें समय रहते पूर्ण कर ली जाएँ। उन्होंने कहा कि केन्द्र अत्याधुनिक होना चाहिए, जहाँ पर व्यक्ति व्यवस्थित रूप से बैठकर भोजन कर सके। केन्द्र में लोगों को बिठाकर भोजन कराने की व्यवस्था भी की जाए। इसके साथ ही प्रकाश, हवा आदि की भी समुचित व्यवस्था की जाए। कलेक्टर डॉ. गोयल ने कहा कि योजना के तहत बनने वाला केन्द्र एक व्यवस्थित रेस्टोरेन्ट की तरह होना चाहिए। इसके साथ ही भोजन बनाने के लिये जिन आधुनिक मशीनों की आवश्यकता है उनको क्रय करने की व्यवस्था भी समय रहते कर ली जाए।

      डॉ. संजय गोयल ने नगर निगम कमिश्नर को यह भी निर्देशित किया कि योजना के तहत एनजीओ जो उक्त कार्य के लिये इच्छुक हों, उनके आवेदन आमंत्रित करने का कार्य भी तत्काल कर दिया जाए। इसके लिये अखबारों में विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए जाएँ, ताकि एक अप्रैल से योजना निर्वाध रूप से संचालित हो सके।

      योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये आज नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव श्री मलय श्रीवास्तव एवं आयुक्त श्री विवेक अग्रवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। योजना के संबंध में बताया गया कि लोगों को पाँच रूपए में भोजन उपलब्ध कराने हेतु केन्द्र ऐसे स्थान पर बनाए जाएँ जहाँ गरीब लोग ज्यादा से ज्यादा इस योजना का लाभ उठा सकें। केन्द्र में भवन, जल, विद्युत संयोजन एवं केन्द्र की स्थापना संबंधी कार्य नगर निगम द्वारा किया जायेगा। केन्द्र का संचालन गैर शासकीय, धार्मिक, स्वयंसेवी संस्था द्वारा किया जायेगा। केन्द्र के संचालन में होने वाले व्यय जैसे ईंधन, विद्युत एवं जल बिल आदि राशि तथा केन्द्र के सुचारू संचालन हेतु अन्य मदों जिनमें दानदाता इच्छुक हों, कॉपरेटिव सामाजिक दायित्व के तहत उद्योगपतियों, व्यवसाईयों अथवा व्यक्तिगत सामाजिक दान द्वारा किया जायेगा। केन्द्र में उपयोग आने वाले खाद्यान्न जिसमें गेहूँ, चावल, नमक तथा शक्कर उचित मूल्य की दुकान से खाद्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जायेगा।

      जिला स्तर पर योजना के तहत समन्वय एवं अनुश्रवण समिति कलेक्टर की अध्यक्षता में रहेगी। इस समिति में नगरीय निकाय के महापौर, प्रबंध संचालक औद्योगिक केन्द्रीय विकास निगम, जिला खाद्य अधिकारी, महाप्रबंधक उद्योग, उपसंचालक पंचायत एवं सामाजिक न्याय, परियोजना अधिकारी शहर विकास, अध्यक्ष अनाज व्यापारी संघ, अध्यक्ष सब्जी मण्डी एसोसिएशन सदस्य रहेंगे तथा नगर निगम के आयुक्त सदस्य सचिव होंगे। यह समिति जिला स्तर पर बनने वाले खाने का मेन्यू तय करेगी तथा केन्द्र की सभी व्यवस्थाओं का सफल क्रियन्वयन सुनिश्चित करेगी।

      बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, एडीएम श्री शिवराज वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने किया डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी के माध्यम से कलेक्टर कार्यालय में ई-दक्ष केन्द्र में डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, एडीएम श्री शिवराज वर्मा एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

शुभारंभ के अवसर पर लाइब्रेरी के प्रभारी ने बताया कि ई-लाइब्रेरी में विभिन्न विषयों पर लगभग 1500 महत्वपूर्ण डिजिटल पुस्तकों का संग्रहण, इंडियन कानून एवं ईपीडब्ल्यू वेबसाइटों पर उपलब्ध पुस्तकें पढ़ने की व्यवस्था के साथ ही शासन द्वारा जारी विभिन्न सर्कुलर का संग्रहण भी है। इसके साथ ही इंटरनेट पर ई-बुक रीडिंग वेबसाइट का संकलन भी उपलब्ध है।

Share This News :