Home > अपना शहर ,
ग्वालियर के दिव्यांग तैराक श्री सतेन्द्र सिंह का राष्ट्रीय पेरा स्विमिंग टीम में चयन

एनएसडब्ल्यू आस्ट्रेलियन चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने सिडनी रवाना 

दिव्यांग युवा तैराक श्री सतेन्द्र सिंह ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ग्वालियर का मान बढ़ाया है। ग्वालियर निवासी श्री सतेन्द्र सिंह का चयन साई (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) द्वारा  राष्ट्रीय पेरा स्विमिंग टीम में किया गया है। सात सदस्यीय यह टीम 3 से 5 मार्च तक सिडनी आस्ट्रेलिया में आयोजित होने जा रही एनएसडब्ल्यू आस्ट्रेलियन ओपन पेरा स्विमिंग चैम्पियनशिप में हिस्सा लेगी। श्री सतेन्द्र सिंह की इस ऑस्ट्रेलिया यात्रा का पूरा खर्चा भारत सरकार उठा रही है।

     साई द्वारा चयनित राष्ट्रीय पेरा स्विमिंग टीम में सतेन्द्र सिंह के अलावा सर्वश्री स्वप्निल संजय पाटिल, आश्रय दिनेश, सुयश नारायण जाधव व चेतन गिरधर राउत शामिल हैं। साथ ही कोच के रूप में श्री कमलजीत सिंह व श्री विनोद राव साहिब इस टीम में बतौर एस्कॉर्ट इस टीम का हिस्सा हैं। सिडनी में आयोजित होने जा रही चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने के लिये यह टीम बुधवार को नईदिल्ली से वायुमार्ग द्वारा आस्ट्रेलिया के लिये रवाना हुई।

     ग्वालियर के दिव्यांग तैराक श्री सतेन्द्र सिंह ने पहले भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई मैडल हासिल किए हैं।

Share This News :