Home > अपना शहर ,
अमर सेनानी पं. बिस्मिल के स्मारक और उद्यान निर्माण हेतु 50 लाख रूपए की अतिरिक्त स्वीकृति

साडा अध्यक्ष द्वारा की गई विभागीय कार्यों की समीक्षा  

स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी पं. रामप्रसाद बिस्मिल के गृह जिले मुरैना में ग्वालियर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा एक भव्य स्मारक शहीद उद्यान का निर्माण किया जा रहा है। उक्त निर्माण के लिये प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश जादौन ने 50 लाख रूपए की अतिरिक्त स्वीकृति प्रदान की है। उक्त राशि से उद्यान विकास में स्वीकृत किए गए अतिरिक्त कार्य किए जायेंगे। इसके साथ ही प्राधिकरण द्वारा बरागाँव में एक मैरिज गार्डन का निर्माण भी किया जायेगा। इसके लिये प्राधिकरण द्वारा बरागाँव में सीमांकन का कार्य करा लिया गया है।

      विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश जादौन ने आज प्राधिकरण कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर प्राधिकरण में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को प्राधिकरण के स्वीकृत प्रोजेक्ट में गति लाने के निर्देश दिए। श्री जादौन ने मुरैना में बनाए जा रहे शहीद पार्क के कार्यों का मौके पर मूल्यांकन करने के निर्देश अधीक्षण यंत्री श्री आर एल एस मौर्य को दिए। उन्होंने कहा कि श्री मौर्य विभागीय अधिकारियों के साथ पार्क में किए गए कार्यों का मूल्यांकन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। श्री जादौन ने पार्क का कार्य समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

      बैठक में बताया गया कि बरागाँव में बनने वाले मैरिज गार्डन के लिये सर्वे क्रं.-1180 एवं 1181 का सीमांकन कार्य पूर्ण करा लिया गया है। सीमांकन के पश्चात प्राधिकरण द्वारा मैरिज गार्डन निर्माण की कार्रवाई प्रारंभ की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि मुरैना में बनने वाले शहीद स्मारक का कार्य 200x200 वर्गफुट में किया जा रहा है। स्मारक के साथ बनने वाले उद्यान के चारों कोनों में अशोक स्तम्भ स्थापित किए जायेंगे। उद्यान को भव्य रूप प्रदान करने तथा जन आकर्षण का केन्द्र बनाने की दिशा में प्राधिकरण द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

      प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश जादौन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राधिकरण द्वारा एक हजार आवास बनाने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है। उसकी भी जानकारी प्राप्त की तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरूण भटनागर को शासन स्तर पर प्रयास करने के निर्देश दिए।

      प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश जादौन ने बुधवार को की जाने वाली जन-सुनवाई के तहत आवेदकों से भी मुलाकात की तथा उनके आवेदन पत्रों पर अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

      बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरूण भटनागर ने प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रोजेक्टवार प्रगति से अध्यक्ष को अवगत कराया तथा शासन स्तर पर लंबित प्रस्तावों के संबंध में भी जानकारी दी।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरूण भटनागर, अधीक्षण यंत्री श्री आरएलएस मौर्य, प्राधिकरण के इंजीनियर श्री अनिल सिंह चौहान, सर्वश्री नवल सिंह, हरनाम सिंह, अजीत जैन, संपदा अधिकारी श्रीमती नीना सेंगर उपस्थित थीं।

Share This News :