Home > राज्यो से ,
गुरमेहर के बाबा बोले- मेरी पोती ने कुछ गलत नहीं कहा, हमें देशभक्ति साबित नहीं करनी

गुरमेहर कौर के बाबा सरदार कमलजीत सिंह ने जालंधर से कहा, मैं अपनी पोती के कदम की सराहना करता हूं, मैं उसके साथ हूं. उसने जो भी कहा, कुछ गलत नहीं कहा. लेकिन मैं उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हूं. हमारी राष्ट्रीयता पर कोई उंगली नहीं उठा सकता. मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि इस मामले को अब खत्म किया जाए.
उन्होंने यह भी कहा कि छात्र स्कूल एवं कॉलेज पढ़ने जाते हैं न की लड़ाई झगड़ा करने. उन्हें केवल पढाई की और ध्यान देना चाहिए लेकिन साथ ही अपनी बात रखने से भी नहीं डरना चाहिए। उन्होंने सरकार से अपील की कि अब इस मामले को ख़त्म किया जाना चाहिए. एक कॉलेज की लड़की अगर अपनी बात रखती है तो यह इतना बड़ा मुद्दा कैसे बन सकता है?
वामपंथी छात्र गुट जहां एबीवीपी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं वहीं सियासी दलों से लेकर बॉलीवुड और खेल जगत की हस्तियां भी इस पर अपनी राय सोशल मीडिया पर रख रही हैं. उन्होंने कहा कि पंजाबी तो देश के लिए जान भी दे देते हैं.हमारे तमाम सगे संबंधी सेना में काम कर रहे हैं. उन्होंने ये भी कहा कि गुरमेहर ने बिल्कुल सही कहा कि उनके पिता को पाकिस्तान ने नहीं, जंग ने मार दिया.
गुरमेहर की राष्ट्रीयता और देशभक्ति पर सवाल करने वालों को कमलजीत सिंह ने कहा, अब क्या वे हमें राष्ट्रीयता सिखाएंगे. हमने अपने बच्चों को खोया है, किसी को कुछ साबित करने की हमें जरूरत नहीं है.

Share This News :