Home > अपना शहर ,
प्राचार्य शुक्ला ट्यूशन पढ़ाते हुए रंगे हाथों पकड़े कमिश्नर श्री रूपला ने प्राचार्य श्री नीरज शुक्ला को किया निलंबित

अशोकनगर जिले के कलेक्टर के निर्देश पर अशोकनगर के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने शासकीय कन्या उ.मा. विद्यालय अशोकनगर के प्राचार्य श्री नीरज शुक्ला को लगभग 35 छात्राओं को ट्यूशन पढ़ाते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। अनुविभागीय अधिकारी द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार किया एवं छात्राओं के कथन लिए गए। छात्राओं ने अपने कथन में डेढ़ सौ रूपए से लेकर 300 रूपए तक प्राचार्य द्वारा प्रतिमाह ट्यूशन फीस लेना बताया है। पूर्व में भी प्राचार्य श्री शुक्ला के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।

      अशोकनगर कलेक्टर द्वारा ग्वालियर संभाग के कमिश्नर के भेजे प्रस्ताव पर कमिश्नर ग्वालियर संभाग श्री एस एन रूपला ने प्राचार्य श्री नीरज शुक्ला के खिलाफ मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण ग्वालियर किया है।

      श्री शुक्ला को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते प्राप्त करने की पात्रता रहेगी।

Share This News :