Home > अपना शहर ,
ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिये दीर्घकालिक योजना – श्री पवैया

लगभग 35 लाख की लागत की चार सड़कों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण 

ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सड़क, पेयजल व सीवर संबंधी समस्याओं का निराकरण सुनियोजित ढंग से किया जा रहा है। सड़कों के निर्माण के साथ-साथ पेयजल व सीवर समस्या के समाधान के लिये दीर्घकालिक योजना बनाई गई है और उस पर अमल भी शुरू हो गया है। यह बात उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कही। श्री पवैया विनयनगर व आनंदनगर क्षेत्र में लगभग 34 लाख 61 हजार रूपए की लागत की चार सीसी रोड़ों के भूमि पूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे।

      उच्च शिक्षा मंत्री ने रविवार को विनयनगर सेक्टर-3 और आनंदनगर में आयोजित हुए कार्यक्रमों में कहा कि ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिये 13 नई पेयजल टंकियों का निर्माण किया जायेगा। अमृत योजना के तहत लगभग 15 करोड़ रूपए की लागत से बनने जा रहीं इन टंकियों की क्षमता 14 हजार 100 किलोलीटर से अधिक होगी। साथ ही पेयजल सप्लाई के लिये 45 करोड़ रूपए की लागत से 260 किलोमीटर लम्बी पाइपलाईन भी ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों में बिछाई जायेगी। उन्होंने कहा इससे अगले 30 साल तक ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की समस्या नहीं रहेगी।

      श्री पवैया ने कहा कि नालियों सहित बहोड़ापुर-सागरताल रोड़ का निर्माण भी किया जायेगा। इस सड़क के निर्माण के लिये तीन करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा अप्रैल तक इस काम के पूर्ण होने की उम्मीद है। इसके अलावा कटीघाटी से घोसीपुरा स्टेशन सड़क सहित ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की अन्य सड़कों का निर्माण भी होगा। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि सड़कों के साथ-साथ आनंदनगर सहित अन्य क्षेत्रों के पार्क भी विकसित किए जायेंगे।

      इन कार्यक्रमों में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती मंजू सिंह व श्रीमती शिल्पा छारी, श्री जागेश्वर सिंह भदौरिया, श्रीमती शकुंतला, श्री रामनिवास तोमर, श्री गजेन्द्र सिंह कुशवाह, श्री ओ पी श्रीवास्तव व श्रीमती अल्पना चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय निवासी मौजूद थे।

इन सड़कों का किया भूमि पूजन व लोकार्पण

      मंत्री श्री पवैया ने रविवार को विनयनगर के सेक्टर-3 में लगभग 10 लाख 20 हजार रूपए लागत की सीसी रोड़ का भूमि पूजन किया। इसके अलावा उन्होंने आनंदनगर के बी-ब्लॉक में 6 लाख 92 हजार की लागत से बनने जा रही सीसी रोड़ की भी आधारशिला रखी। श्री पवैया ने आनंदनगर के बी एवं सी ब्लॉक में 11 लाख 70 हजार और आनंदनगर के ही अंतर्गत 5 लाख 70 हजार की लागत से बनकर तैयार हुए चंद्रलोक आश्रम पहुँचमार्ग का लोकार्पण किया।

  

Share This News :