Homeदेश विदेश ,
पाक कलाकारों को अल्टीमेटम पर संग्राम, पूनावाला ने दी शिकायत, रजा मुराद भी कूदे

नई दिल्ली। उरी हमले के बाद पूरे देश में जहां पाकिस्तान के प्रति गुस्सा है वहीं मुंबई में इसे लेकर सियासी घमासान चरम पर है। राज ठाकरे की एमएनएस ने पाकिस्तानी कलाकारों को यहां से चले जाने का अल्टीमेटम दिया है और इसी पर अब सियासी संग्राम का नया दौर शुरू हो रहा है। धमकी, शिकायत और नसीहतों की नई इबारत लिखी जा रही है।

कांग्रेस नेता शहजाद पूनावाला ने एमएनएस नेता अमेय खोपकर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पूनावाला ने खोपकर के खिलाफ मारने की धमकी देने और पाकिस्तानी एजेंट कहने के मामले में शिकायत दी है। बता दें कि शुक्रवार को IBN7 के शो “आर-पार” में चर्चा के दौरान खोपकर ने पूनावाला को धमकी दी थी। पूनावाला ने शिकायत महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस, मुंबई पुलिस कमिश्नर और महाराष्ट्र के डीजीपी को दी है।वहीं दूसरे दल भी सियासी अखाड़े में कूद पड़े हैं। सपा नेता अबू आजमी ने कहा कि एमएनएस के लोग लगातार गुंडागर्दी करते रहते हैं। कलाकारों को धमकी देने का क्या मतलब है। ठाकरे साहब के पास अगर इतना ही दम है तो पाकिस्तानी एंबेसी को बंद कराओ। और इस्लामाबाद में जो इंडियन एंबेसी वीजा देती है उसको रुकवाओ। सिर्फ महाराष्ट्र ही क्यों पूरे देश में रुकवाओ। जो नक्सली हमारे सिक्योरिटी फोर्स को मारते हैं उनके खिलाफ काम करो। ज्यादा दम है तो अपने सुसाइड बॉम्बर पाकिस्तान में भेजो। .सिर्फ जबानी जंग करने का कोई मतलब नहीं। इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ये सरकार की नाकामी है अभी तक।

वहीं फिल्म कलाकार रजा मुराद ने इस पर नपा तुला बयान दिया है। मुराद ने कहा कि ये जो भी हो रहा है ये एक्शन का रिएक्शन है। जन आक्रोश है ये जो सामने आ रहा है। ऐसा नहीं है कि उनके आर्टिस्ट के बिना हम काम नहीं कर सकते। लेकिन ये हमारे अच्छे पड़ोसी होने का सबूत है। सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और अच्छा काम कर रही है। हो सकता है कि सरकार आगे से वर्क परमिट भी न दे। लेकिन ये सरकार को अपना काम करना है।

उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से इन हालात में उन कलाकारों को यहां रहना भी नहीं चाहिए। लेकिन अगर फिल्म न चलने दी जाए तो वो सही नहीं होगा। उनको ये करना चाहिए कि अपना काम निपटा कर वापस चले जाएं। इसके बाद वहां वालों को सरकार को वर्क परमिट भी नहीं देना चाहिए। ये भी कर सकते हैं कि कल्चरल एक्सचेंज न हो पाकिस्तान के साथ।

Share This News :