Home > अपना शहर ,
अंत्योदय मेलों से ग्रामीणों को उनके हक और अधिकार मिले हैं – श्री भारत सिंह

घाटीगाँव में लगा अंत्योदय मेला : लगभग 23 हजार हितग्राहियों को बटी

22.73 करोड़ की सहायता 

प्रदेश सरकार हर साल अंत्योदय मेलों के माध्यम से जरूरतमंदों को लाभान्वित करा रही है। इन मेलों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके हक और अधिकार सुगमता से मिल रहे हैं। यह बात विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह ने घाटीगाँव में आयोजित हुए खण्‍ड स्तरीय अंत्योदय मेले को संबोधित करते हुए कही। अंत्योदय मेले के माध्यम से घाटीगाँव जनपद पंचायत क्षेत्र के 22 हजार 723 हितग्राहियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत लगभग 22 करोड़ 73 लाख रूपए की सहायता वितरित की गई।

घाटीगाँव के खेल मैदान परिसर में आयोजित हुए अंत्योदय मेले की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शांतिशरण गौतम, जनपद पंचायत घाटीगाँव की अध्यक्ष श्रीमती देव कुंवर बाई गुर्जर, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, अपर कलेक्टर रूचिका चौहान, घाटीगाँव के एसडीएम श्री विनोद सिंह व जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ओ एन गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अंत्योदय मेलों के माध्यम से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मुख्य धारा में लाने की पहल की है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय मेले और ग्रामोदय अभियान के माध्यम से अभावग्रस्त लोग मुख्य धारा में शामिल हो रहे हैं।

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि ग्रामीण अंचल का कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं का लाभ लेने से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा अंत्योदय मेले के पहले गाँव-गाँव में पात्र हितग्राही चिन्हित किए गए हैं। साथ ही आगामी अप्रैल माह में प्रस्तावित ग्रामोदय अभियान में भी फिर से हितग्राहियों को ढूँढ-ढूँढकर लाभान्वित कराया जायेगा।

उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए कि जो हितग्राही अंत्योदय मेले में सहायता प्राप्त करने से शेष रह गए हैं, उन्हें तीन दिवस के भीतर संबंधित ग्राम पंचायत के माध्यम से यह सहायता वितरण सुनिश्चित करें।

अंत्योदय मेले में जिन योजनाओं के तहत लाभान्वित कराया गया है, उनमें राष्ट्रीय परिवार सहायता, लाडली लक्ष्मी योजना, कृषि अनुदान पर ट्रैक्टर, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और ग्रामीण विकास विभाग की अन्य योजनायें शामिल हैं।

  

Share This News :