Home > अपना शहर ,
हर विद्यार्थी को रोजगार देने सरकार ने कारगर कदम उठाये – श्री पवैया

उच्च शिक्षा मंत्री ने केआरजी कॉलेज में किया दो दिवसीय कैरियर मेले का शुभारंभ

तीन दर्जन प्रतिष्ठित कंपनियाँ आई हैं कैम्पस सिलेक्शन करने  

 à¤¹à¤° विद्यार्थी को रोजगार देने के मकसद से सरकार ने शासकीय महाविद्यालयों में कैम्पस सिलेक्शन और कैरियर काउन्सलिंग शुरू की है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। प्रदेश में इस साल 65 कैरियर मेलों के माध्यम से लगभग 4 हजार विद्यार्थियों को रोजगार दिलाया गया है। यह बात उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने शासकीय कमलाराजा स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय में शनिवार से शुरू हुए दो दिवसीय कैरियर मार्गदर्शन मेला के शुभारंभ अवसर पर कही। कैरियर मेले के उदघाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह ने की।

राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के तहत आयोजित हो रहे इस जिला स्तरीय कैरियर मार्गदर्शन मेला में जिले के 11 शासकीय महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। कैरियर मेले में विद्यार्थियों का कैम्पस सिलेक्शन करने के लिये 36 प्रतिष्ठित कंपनियाँ आईं हैं। मेले में विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने कहा कि प्रदेश की प्रतिभायें धन के अभाव में दम न तोड़ें, इसके लिये प्रदेश सरकार ने कारगर कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा 12वी परीक्षा 85 प्रतिशत से अधिक अंकों से उत्तीर्ण कर आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटीएम,  राष्ट्रीय स्तर के मेडीकल कॉलेजों तथा अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों की प्रवेश परीक्षा में सफल होने वाले ऐसे विद्यार्थियों की पूरी फीस सरकार भरेगी, जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय 10 लाख रूपए से कम है। साथ ही ऐसे विद्यार्थी जो 85 प्रतिशत से कम अंक हासिल कर इन संस्थानों में प्रवेश लेंगे, उनकी फीस भी सरकार भरेगी और उनसे कहा जायेगा कि रोजगार मिलने पर बिना ब्याज के यह फीस वापस कर दें।

श्री पवैया ने इस मौके पर छात्र-छात्राओं का आहवान किया कि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, उन्हें सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा पूर्व राष्ट्रपति स्व. डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम भी कहा करते थे कि बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिये दृढ़ इच्छाशक्ति व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। उच्च शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि विद्यार्थी सदैव यह ध्यान रखें कि शिक्षा केवल रोजगार का साधन भर नहीं है। यह जीवन जीने की कला भी सिखाती है। शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो राष्ट्रभक्ति का जज्बा भी जगाती हो।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार ने ऐसी योजनायें शुरू की हैं, जिससे युवाओं के लिये स्वयं के उद्यम स्थापित करना सुगम हो गया है। उन्होंने खासकर भारत सरकार के स्किल डवलपमेंट कार्यक्रम और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार व मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का जिक्र किया।

भोपाल से आए स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के निदेशक डॉ. आदित्य लूनावत ने का कि प्रदेश सरकार द्वारा हर जिले के महाविद्यालयों में रोजगार मेले लगाए जा रहे हैं। इसके तहत ग्वालियर में तीन मेले लगेंगे। उन्होंने कहा इन मेलों में रोजगार के लिये मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। डॉ. लूनावत ने बताया कि सरकार ने आईआईटी मुम्बई के सहयोग से प्रदेश के 225 शासकीय महाविद्यालयों में नि:शुल्क कैरियर प्रशिक्षण शुरू किया है, जिसके तहत अभी तक प्रदेश के 50 हजार से अधिक विद्यार्थी पंजीयन करा चुके हैं। उन्होंने कहा आईआईटी मुम्बई का कहना है कि इस पहल में मध्यप्रदेश पूरे देश में अव्वल है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. सरोज मोदी एवं विप्रो कंपनी के अधिकारी श्री नारायणन मंचासीन थे। स्वागत उदबोधन केआरजी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रभा मेहता ने दिया। कार्यक्रम के अंत में केआरजी की प्रो. डॉ. मधु लक्ष्मी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. डॉ. सोनिया सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद महाविद्यालय की छात्राओं ने संगीतमय स्वागत गीत एवं मध्यप्रदेश गान की प्रभावी प्रस्तुति दी।

विद्यार्थियों द्वारा सजाए गए स्टॉल व स्वच्छता प्रदर्शनी भी देखीं

      जिला स्तरीय कैरियर अवसर मेला में केआरजी कॉलेज की छात्राओं ने खुद के हुनर से तैयार किए गए उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। कैरियर मेला के उदघाटन के बाद उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया एवं अन्य अतिथिगणों ने इन स्टॉल का जायजा लिया। साथ ही स्वच्छता पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी देखी। उच्च शिक्षा मंत्री ने इन स्टॉल एवं प्रदर्शनी की खुलकर सराहना की।

ये कंपनियाँ आईं हैं कैम्पस सिलेक्शन करने

      विप्रो, जैनपैक्ट, टैक महिन्द्रा, इंडिया बुल, एस्कॉन ग्रुप, युरेका र्फोब्स, ब्लू स्टार, पोद्दार इंस्टीट्यूट, ऐज फाउण्डेशन, पर्ल इंस्टीट्यूट, जस्ट डायल, ट्रेवल एण्ड टूर, जमुना ऑटो, ईगल सिक्योरिटी, नवकिसान बायोप्लांट, शिवशक्ति बायो टेक्नोलॉजी, ग्रो फास्ट सोल्यूशन, नव भारत फर्टीलाइजर, आशी इंडिया लिमिटेड, गिन्नी फिलामेन्ट व एले ग्रुप ।

  

Share This News :