Home > अपना शहर ,
आईडीए चलाएगा तंबाकू मुक्त अभियान : डॉ. माखीजानी

ग्वालियर। इंडियन डेंटल एसोसियेशन के आगामी सत्र 2017 के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.दीपक माखीजानी ने कहा है कि 2020 तक भारत को तंबाकू मुक्त देश बनाने के लिए देशभर में आईडीए जनजागरण अभियान चलाएगा। 
आगामी 2017के लिए चुने गए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दीपक माखीजानी ने आज यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि इस कठिन लक्ष्य को हासिल करने के लिए आईडीए युद्ध स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सघन जागरूकता अभियान चलाएगी। उन्होंने बताया कि देश में लगभग 70 प्रतिशत धूम्रपान करने वाले लोग धूम्रपान छोडना चाहते हैं , लेकिन इनमें से तीन से पांच प्रतिशत लोग ही सफल हो पाते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक भारत में प्रतिवर्ष दस लाख लोग इसके चलते काल के गाल में समा जाते ळैं। उन्होंने बताया कि भारत में 4300 लाख किलो तंबाकू की खपत होती है। इसमें 2320 लाख किलो बीडी के रूप में 1960 किलो तंबाकू गुटखे आदि के माध्यम से चबाया जाता है। जबकि 820 लाख किलो तंबाकू की खपत सिगरेट के रूप में होती है। इस प्रकार भारत तंबाकू की खपत में प्रथम स्थान पर है। इसी लिए भारत में सबसे ज्यादा मुख कैंसर के रोगी हैं। डॉ. माखीजानी ने कहा कि आईडीए गत 70 वर्षों से दंत स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चला रही है इस वर्ष तेजी लाते हुए 35 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। 
डॉ. माखीजानी ने बताया कि आईडीए 1976 से विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए निशुल्क दंत परीक्षण एवं चिकित्सा कार्यक्रम चला रही है। इस वर्ष भी आईडीए नए सिरे से विद्यालयों को चिन्हित कर इस अभियान को और सघन बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष दो करोड विद्यार्थियों के परीक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें गत वर्ष 90 लाख विद्यार्थियों का परीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में दंत रोगों की गंभीर समस्या को देखते हुए आईडीए इन क्षेत्रों में दंत चिकित्सकों की संख्या बढाने का प्रयास भी किया जाएगा। आईडीए ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता लाने के लिए ओरल हैल्थ अवेयरनेस क्रियेटर की नियुक्तियां भी करेगी। इस अवसर पर डॉ. अलका माखीजानी भी मौजूद थी।

Share This News :