Home > अपना शहर ,
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने लिया शिवालयों का जायजा

महाशिवरात्रि पर मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के दिए निर्देश 

महाशिवरात्रि त्यौहार को ध्यान में रखकर कलेक्टर डॉ. संजय गोयल एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने गुरूवार को शहर के विभिन्न शिवालयों व मंदिरों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारी द्वय ने सभी कार्यपालिक दण्डाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों सहित व्यवस्थाओं से जुड़े अन्य शासकीय सेवकों को निर्देश दिए कि शिवरात्रि के दिन पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।

     कलेक्टर ने कहा कि शहर के सभी प्रमुख शिवालयों पर श्रृद्धालुओं की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाए। व्यवस्था ऐसी हो जिससे श्रृद्धालुजन सुविधाजनक तरीके से पूजा-अर्चना करने के बाद अपने घर जा सकें। डॉ. गोयल ने नगर निगम के अधिकारियों को भी हिदायत दी कि इस दिन साफ-सफाई व्यवस्था के लिये अतिरिक्त अमला लगायें। कलेक्टर ने मंदिर प्रबंधकों से भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने के लिये कहा।

     भ्रमण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी व एसडीएम श्री महिप तेजस्वी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उनके साथ थे।

  

Share This News :