Home > अपना शहर ,
दिव्यांगों को रोजगार से जोड़ने हेतु उपयोगी सिद्ध हो रही है मोटराज्ड ट्राइस्किल

जिले में 50 से अधिक दिव्यांगों को मिला एडिप योजना का लाभ 

दिव्यांगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग प्रदान करने के लिये केन्द्र सरकार की एडिप योजना कारगर सिद्ध हो रही है। योजना के तहत दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राइस्किल वितरित की जाती हैं। इस ट्राइस्किल के माध्यम से दिव्यांगों को जहाँ आवागमन में अत्यधिक सुविधा प्राप्त होती है, वहीं इस ट्राइस्किल पर वे छोटा-मोटा व्यवसाय कर अपना जीवन यापन करने में सक्षम साबित होते हैं। ग्वालियर जिले में योजना के तहत 50 से अधिक दिव्यांगों को लाभान्वित किया जा चुका है। योजना में अधिक से अधिक दिव्यांग लाभान्वित हों, इसके लिये क्षेत्रीय सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी अपनी निधि से धनराशि मुहैया कराई है।

      संयुक्त संचालक पंचायत एवं समाजसेवा श्री कबीरपंथी ने बताया कि योजना के तहत केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने 20 दिव्यांगों को ट्राइस्किल उपलब्ध कराने हेतु योजना के तहत हितग्राहियों के हिस्से की राशि अपनी सांसद निधि से प्रदान की है। इसके साथ ही पूर्व मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने अपनी निधि से 40 दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राइस्किल प्रदान करने हेतु प्रत्येक हितग्राही के लिये 17 हजार रूपए के हिसाब से धनराशि विधायक निधि से प्रदान की है।

      संयुक्त संचालक श्री कबीरपंथी ने बताया कि एडिप योजना के तहत ग्वालियर-चंबल संभाग में अधिक से अधिक दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राइस्किल उपलब्ध कराने हेतु प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिये ग्वालियर-चंबल संभाग के सांसदों, विधायकों से भी विभाग द्वारा आग्रह कर दिव्यांगों के हितार्थ धनराशि देने का आग्रह किया गया है। योजना के तहत 80 प्रतिशत विकलांगता होने पर दिव्यांग को मोटराइज्ड ट्राइस्किल की पात्रता होती है।

Share This News :