Home > राज्यो से ,
PM मोदी पर केजरीवाल का निशाना, कहा- ATM से फर्जी नोट निकलना शर्मनाक

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली स्थित संगम विहार के एसबीआई एटीएम में 2000 रुपए का फर्जी नोट निकलने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आलोचना के घेरे में लिया है।

केजरीवाल ने बुधवार को इस घटना को शर्मनाक करार देते हुए इसके लिए केंद्र सरकार की अव्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया। बेंगलुरू में बेकाबू डायबिटीज का इलाज करा कर बुधवार को वापस लौटने से पहले से केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि जो प्रधानमंत्री ढंग से नोट न छाप सके वह बेहतर तरीके से देश कैसे चला सकता है।

सब-इंस्पेक्टर को भी मिला फर्जी नोट

'हिन्दुस्तान' से बात करते हुए मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर सौरभ ने बताया कि 6 फरवरी की शाम करीब 7:45 बजे हमें एटीएम से चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया लिखा हुआ नोट निकलने की सूचना मिली थी।

मौके पर पहुंचने के बाद हमें लगा कि वहां मौजूद संगम विहार निवासी रोहित झूठ बोल रहा है। मैंने उसकी बात की सत्यता को जांचने के लिए अपने साथ आए हेड कांस्टेबल को अपना एक्सिस बैंक का एटीएम दिया और उसे मेरे सामने उसी एटीएम से पैसे निकालने को कहा।

हेड कांस्टेबल ने जब मेरे कार्ड से दो हजार रुपये निकाला तो हमें भी चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया और चूरन लेबल लिखा नोट ही मिला। हमनें रोजनामचा में भी घटना का पूरा विवरण दिया है। इसके बाद ही हमने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।

Share This News :