Home > अपना शहर ,
ग्वालियर के “वन स्टेप सेंटर” को पूरे प्रदेश के लिये आदर्श बनायें – डॉ. गोयल

सेंटर में एक ही छत के नीचे पीड़ित महिलाओं को मिलेगी हर तरह की मदद

“वन स्टेप सेंटर” के संचालन को लेकर संभाग स्तरीय कार्यशाला आयोजित 

जिस तरह बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और पीसी-पीएनडीटी एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन में ग्वालियर जिले को राष्ट्रीय पहचान मिली है, उसी तरह ग्वालियर के “वन स्टेप सेंटर” (सखी) को आदर्श रूप प्रदान करें। यह बात कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने वन स्टेप सेंटर के संचालन विषय पर आयोजित हुई स्टेक होल्डर की दो दिवसीय कार्यशाला के समापन सत्र में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कही।  

बुधवार को यहाँ तानसेन रेसीडेंसी में आयोजित हुई कार्यशाला में संयुक्त संचालक महिला संसाधन केन्द्र श्री सुरेश तोमर, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हर्षराज दुबे, भोपाल से आईं मास्टर ट्रेनर सुश्री अर्घा तिवारी, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री शालीन शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। मालूम हो सरकार की पहल पर एक ही छत के नीचे पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, पुलिस, विधिक, काउंसलिंग, आश्रय, व्यवसायिक प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर एवं पुनर्वास की सुविधायें मुहैया कराने के लिये ऊषा किरण योजना के तहत प्रदेश भर में 18 “वन स्टेप सेंटर” स्थापित किए गए हैं। जिसमें ग्वालियर का भी सेंटर शामिल है। जेएएच परिसर स्थित पुराने नारी निकेतन केन्द्र परिसर में यह सेंटर शुरू किया गया है।

      कार्यशाला में कलेक्टर डॉ. गोयल ने प्रतिभागियों का आह्वान किया कि वे हिम्मत के साथ पीड़ित महिलाओं की मदद के लिये आगे आएँ। उन्होंने कहा समाजसेवा के हर काम में कुछ न कुछ बाधायें आती हैं, मगर इनसे निराश होने की जरूरत नहीं है। सकारात्मक सोच के साथ मदद के लिये आगे बढ़ें तो सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके कल्याण के लिये समाज की सोच में बदलाव की जरूरत है। यह काम समाज की भागीदारी से ही संभव है। डॉ. गोयल ने भरोसा दिलाया कि “वन स्टेप सेंटर” के बेहतर संचालन में जिला प्रशासन से हर संभव मदद मिलेगी। साथ ही कहा कि ग्वालियर के सेंटर को इस तरह संचालित करें, जिससे यह सेंटर पूरे देश के लिये उदाहरण बने। 

      कार्यशाला में संयुक्त संचालक महिला संसाधन केन्द्र श्री सुरेश तोमर ने लिंग आधारित भेदभाव से निबटने के उपायों पर प्रकाश डाला। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हर्षराज दुबे ने महिलाओं को मिलने वाली कानूनी सहायता की प्रक्रिया के बारे में बताया। साथ ही अन्य विषय विशेषज्ञों ने पुलिस कार्रवाई, पीड़ित महिलाओं के पुनर्वास कार्यक्रम, स्वास्थ्य सुविधा आदि के बारे में बताया।

      कार्यशाला में ग्वालियर-चंबल संभाग के स्वास्थ्य, पुलिस, विधिक सहायता, महिला-बाल विकास व महिला सशक्तिकरण, किशोर न्याय बोर्ड व बाल कल्याण समिति के सदस्यगणों ने हिस्सा लिया।

Share This News :