Home > अपना शहर ,
मोतीमहल को पुराने स्वरूप में लाने हेतु संभागीय आयुक्त की पहल रंग लाई

भोपाल की आधारशिला कंस्ट्रक्शन कंपनी ने किया कार्य प्रारंभ 

ग्वालियर शहर पुरासंपदा के मामले में प्रदेश में सबसे ज्यादा सम्पन्न शहर है। यहाँ पर पुरातत्व महत्व की एक से एक नायाब इमारतें हैं। ग्वालियर की पुरा संपदा को निहारने के लिये देश-विदेश के पर्यटक आए दिन ग्वालियर आते हैं। ग्वालियर का मोतीमहल अपने आप में पुरातत्व महत्व का एक जीता-जागता उदाहरण है। मोतीमहल में वर्ष 2014 में अग्नि दुर्घटना के कारण संभागीय आयुक्त कार्यालय का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। मोतीमहल को पुन: अपने पुराने स्वरूप में लाने हेतु संभागीय आयुक्त श्री एस एन रूपला की पहल रंग लाई है और पुरातत्व विभाग द्वारा एक करोड़ 60 लाख रूपए की लागत से भवन के पुन: निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया है। एक वर्ष की कार्य अवधि में मोतीमहल का यह भवन पुन: अपना पुराने स्वरूप में आकर पर्यटकों के लिये जन आकर्षण का केन्द्र बनेगा।

      संभागीय आयुक्त श्री एस एन रूपला ने अपना पदभार ग्रहण करने के साथ ही मोतीमहल को पुराने स्वरूप में लाने हेतु प्रयास प्रारंभ कर दिए थे। उन्हीं के प्रयास से पुरातत्व विभाग द्वारा डीपीआर तैयार की गई और जिसके तहत भोपाल की आधारशिला कंस्ट्रक्शन कंपनी ने इस कार्य को अपने हाथ में लिया है। यह कंपनी एक वर्ष में इस कार्य को पूर्ण करेगी। संभागीय आयुक्त श्री एस एन रूपला ने एजेन्सी के अधिकारियों और पुरातत्व विभाग के अधिकारियों के साथ किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों और कंपनी के इंजीनियर्स को निर्देशित किया कि भवन के पुन: निर्माण का कार्य समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही भवन को पुराने स्वरूप में लाने के कार्य में किसी प्रकार की कोई कोताही न बरती जाए।

      श्री रूपला ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मोतीमहल जैसा था, वैसा ही दिखना चाहिए। इसके लिये कंपनी और विभागीय अधिकारी किए जा रहे कार्यों की निरंतर मॉनीटरिंग करें। निर्माण के दौरान अगर कोई दिक्कत या समस्या आती है तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाए।

      उल्लेखनीय है कि मोतीमहल का निर्माण सिंधिया स्टेट के समय वर्ष 1872 में कराया गया था। इस परिसर में 1100 कमरे हैं। इस भवन में मध्यप्रदेश के गठन के समय पहली विधानसभा भी लगती थी। वर्तमान में भी मोतीमहल परिसर में अनेकों शासकीय कार्यालय संचालित हैं।

Share This News :