Home > अपना शहर ,
बेखौफ होकर रोकें नकल, केन्द्राध्यक्षों को मिलेंगे एसपीओ के अधिकार – डॉ. गोयल

कलेक्टर ने ली केन्द्राध्यक्ष व सहायक केन्द्राध्यक्षों की बैठक

सख्ती से नकल रोकने के दिए निर्देश 

बोर्ड परीक्षाओं में सख्ती से नकल रोकें और बेखौफ होकर परीक्षायें सम्पन्न करायें। जिला प्रशासन और पुलिस से नकल रोकने में पूर्ण सहयोग मिलेगा। यह बात कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के सिलसिले में बुलाई गई बैठक में केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्षों से कही। कलेक्टर ने कहा केन्द्राध्यक्ष को भी एसपीओ (विशेष पुलिस अधिकारी) के अधिकार दिए जायेंगे, जिससे नकल कराने वालों और परीक्षा में विघ्न डालने वालों को मौके पर ही गिरफ्तार करा सकें।

मंगलवार को यहाँ जिला शिक्षण संस्थान (डाइट) में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर डॉ. गोयल ने जोर देकर कहा कि मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा ली जाने वाली हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री बोर्ड परीक्षाओं को पूर्णत: नकल रहित सम्पन्न कराने के लिये जिला प्रशासन कटिबद्ध है। उन्होंने साफ किया कि यदि किसी केन्द्र पर नकल होते पाई गई तो संबंधित केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष और पर्यवेक्षक भी जवाबदेह होंगे। डॉ. गोयल ने केन्द्राध्यक्षों को निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र पर ड्यूटी में लगे शासकीय सेवकों के अलावा किसी भी व्यक्ति को जिला शिक्षा अधिकारी की लिखित अनुमति के बगैर प्रवेश न दिया जाए। 

      बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह व जिला शिक्षा अधिकारी श्री विकास जोशी सहित परीक्षाओं से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद थे।

नकल रोकने के लिये कंट्रोल रूम

      कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखकर नकल रोकने के लिये एक अलग से कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी जाए। साथ ही कंट्रोल रूम में पुलिस के रोजनामचा की तर्ज पर एक रजिस्टर संधारित करें, जिसमें नकल रोकने के लिये हुई कार्रवाई के साथ-साथ अन्य ब्यौरा भी दर्ज किया जाए। कलेक्टर ने कहा केन्द्राध्यक्ष भी कोई कठिनाई आने पर तत्काल कंट्रोल रूम पर सूचना दे सकेंगे। 

परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर के दायरे में लगेगी धारा-144

      बोर्ड परीक्षाओं के तहत जिले में स्थापित सभी परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा-144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू रहेंगे। इनके तहत कोई भी व्यक्ति शस्त्र व मोबाइल फोन इत्यादि लेकर इस क्षेत्र में नहीं आ सकेगा।

सामूहिक नकल का पता लगाने अलग से दस्ता

      जिले के हर परीक्षा केन्द्र पर नकल को कड़ाई से रोकने के लिये विशेष उड़नदस्ता के अलावा सामूहिक नकल का पता लगाने के लिये अलग से दस्ते तैनात किए जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. गोयल ने कहा कि परीक्षा समाप्ति के बाद यह दस्ता विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर कॉपियों का मिलान कर यह देखेंगे कि परीक्षार्थियों द्वारा बिल्कुल एक समान उत्तर तो नहीं लिखे गए हैं। ऐसा पाए जाने पर सामूहिक नकल मानकर केन्द्राध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। साथ ही परीक्षार्थियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

खास बातें एवं निर्देश

  • जिले में कुल 94 परीक्षा केन्द्र, इनमें से 55 अति संवेदनशील और 9 संवेदनशील।
  • नकल की प्रवृत्ति रोकने के लिये संबंधित संस्था के स्टाफ से ड्यूटी नहीं कराई जायेगी।
  • परीक्षा केन्द्र पर बुनियादी सुविधायें मुकम्मल करने की जवाबदेही संबंधित संस्था प्रमुख और संकुल केन्द्र प्रभारी की होगी।
  • नकल रोकने के लिये तैनात अमले द्वारा ढ़िलाई बरतने पर उनके खिलाफ भी होगी सख्त कार्रवाई।
  • कलेक्टर ने कहा परीक्षा केन्द्र पर नियमित शौचालय/बाथरूम का उपयोग न कर अस्थायी बाथरूम बनाएँ, जहाँ नकल मटेरियल छुपाने की गुंजाइश न हो।

Share This News :