Home > अपना शहर ,
मध्यप्रदेश सरकार ने खेल बजट 6 करोड़ से बढ़ाकर 206 करोड़ किया – श्री तोमर

विधायक कप कबड्डी प्रतियोगिता

खेल प्रतिभायें केवल शहरों में नहीं कस्बों में भी पैदा होती हैं – श्री पवैया 

मध्यप्रदेश सरकार द्वारा खेलों के विकास पर एक वर्ष में 206 करोड़ रूपए की राशि व्यय की जा रही है, जबकि उससे पूर्व सरकार के कार्यकाल में मात्र 6 करोड़ रूपए का बजट खेलों के लिये रखा जाता था। यह बात केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने विधायक कप कबड्डी प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कही। उन्होंने कहा कि व्यक्तित्व विकास के लिये शिक्षा के साथ-साथ खेलों की भी महती आवश्यकता होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि खेल प्रतिभायें केवल बड़े शहरों में ही नहीं बल्कि छोटे गाँव, बस्ती और मोहल्लों में भी पैदा होती हैं। आवश्यकता है उन्हें अवसर प्रदान करने की।

केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा खेलों के विकास पर विशेष फोकस किया गया है। इसका परिणाम है कि गत वर्षों में सम्पन्न हुईं ओलम्पिक और एशियाई खेल-कूद प्रतियोगिताओं में भारत बेहतर प्रदर्शन कर सका है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा खेलों के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यही कारण है कि प्रदेश सरकार द्वारा अपने खेल बजट में 200 करोड़ रूपए से अधिक की वृद्धि की गई है, जो भविष्य में और बढ़ेगी। उन्होंने व्यक्ति के जीवन और  खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ अनुशासित जीवन जीने की सीख भी देते हैं। व्यवहारिक जीवन में वही व्यक्ति उपलब्धियाँ हासिल करता है जो अनुशासित तरीके से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की ओर अग्रसर रहता है। उन्होंने गत 15 वर्षों में ग्वालियर जिले में हुईं खेल गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने कहा कि छोटे शहरों, गाँव और कस्बों में रहने वाली खेल प्रतिभाओं को उचित प्लेटफार्म उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा गत दो वर्षों से विधायक कप खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब पश्चिम में लोग सभ्यता से दूर थे तब से भारत में खेल खेले जा रहे हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के कालियादाह और भगवान श्रीराम द्वारा धनुष संहार की कथा को भी खेल गतिविधियों से जोड़कर बतलाया।

श्री पवैया ने विधायक कप कबड्डी प्रतियोगिता के बारे में कहा कि इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की 18 टीमें भाग ले रही हैं। इस प्रतियोगिता में जो टीम प्रथम स्थान प्राप्त करेगी, उसे 21 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 15 हजार और तृतीय स्थान पर आने वाली टीम को 7 हजार रूपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। खिलाड़ियों में राष्ट्रीयता और देश प्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से वंदे मातरम् और भारत माता के जयघोष किया जाता है। साथ ही प्रतियोगिताओं में भाग ले रहीं टीमों के नाम भी देश के शहीदों और सेनानियों के नाम पर ही रखे गए हैं।

प्रतियोगिता का उदघाटन मैच श्यामाप्रसाद मुखर्जी और चंद्रशेखर आजाद टीम के मध्य खेला गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में दोनों अतिथिगण द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री देवेश शर्मा, डॉ. हरिमोहन पुरोहित, श्री महेश उमरैया, श्री रामनिवास गौतम, श्री योगेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खिलाड़ी व स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

  

Share This News :