Home > अपना शहर ,
बुजुर्गों में कैसे खुशहाली लायें, इस पर नवाचार लायें बुजुर्गों के हित कल्याण में हुए आदेशों की लगातार हो समीक्षा थाना स्तर पर हो बुजुर्गों के नामों की सूची

मध्यप्रदेश राज्य वरिष्ठ नागरिक कल्याण आयोग के अध्यक्ष

श्री धर्माधिकारी ने दिए कलेक्टरों को निर्देश  

बुजुर्गों में और कैसे लायें खुशहाली, वे कैसे खुश रहें, इस पर नवाचार होते रहना चाहिए। बुजुर्गों के हित कल्याण के लिये आयोग की 434 सिफारिशों पर सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा आदेश पारित किए गए है। इन आदेशों के अमल, क्रियान्वयन की लगातार समीक्षा कलेक्टर अपने स्तर पर करें। साथ ही थाना स्तर पर भी बुजुर्गों के नाम की सूची तैयार करके ग्वालियर संभाग प्रदेश में पहल करे। यह निर्देश मध्यप्रदेश राज्य वरिष्ठ नागरिक कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री बी. जी. धर्माधिकारी ने ग्वालियर संभाग के पाँचों जिलों के कलेक्टरों एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सहित सभी संभागीय अधिकारियों को दिए। श्री धर्माधिकारी रविवार को मोतीमहल के मानसभागार में बुजुर्गों के भरण पोषण अधिनियम के अंतर्गत गठित बैठक को संबोधित कर रहे थे।

      बैठक में ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला, कलेक्टर ग्वालियर डॉ. संजय गोयल, गुना श्री राजेश जैन, दतिया श्री मदन कुमार, शिवपुरी कलेक्टर प्रभारी के रूप में एडीएम श्रीमती नीतू माथुर, अशोकनगर जिले से कलेक्टर प्रभारी के रूप में एडीएम श्री ए के चांदिल सहित पाँचों जिलों के जिला पंचायत सीईओ, सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त संचालक सभी संभागीय अधिकारियों सहित वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिये जुड़ी सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद थे।

      मध्यप्रदेश राज्य वरिष्ठ नागरिक कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री बी जी धर्माधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कई जिलों में बुजुर्गों के हित कल्याण और उन्हें खुशहाल रखने के लिये प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे ही प्रयास नवाचार के रूप में ग्वालियर संभाग में भी शुरू किए जाएँ। श्री धर्माधिकारी ने कहा कि आयोग ने सरकार के समक्ष 488 सिफारिशें बुजुर्गों की खुशहाली के लिये रखी हैं, जिसमें से 434 सिफारिशों को लागू करने के लिये आदेश भी पारित हुए हैं। इन आदेशों का शतप्रतिशत विभाग क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, इसकी समीक्षा कलेक्टर अपने स्तर से होने वाले त्रैमासिक बैठक में करें। इस बैठक में कलेक्टर विभागवार नया एजेण्डा को जुडवायें, ताकि आयोग की सिफारिशों पर हुए आदेशों को अमल हो सके। उन्होंने कहा कि हर जिले में जिला अस्पताल में बुजुर्गों के लिये पाँच पलंग आरक्षित किए गए हैं। लेकिन यह जानकारी किसी को मालूम नहीं है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के कल्याण के लिये संचालित योजनाओं पर आधारित पॉकेट गुटका भी प्रकाशित कराया जा रहा है।

      कमिश्नर श्री रूपला ने कहा कि सरकारी दायरे से बाहर आकर ही हम आत्मीय भाव से बुजुर्गों की सच्ची सेवा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संयुक्त परिवार न होकर परिवार में बिखराव हो रहा है। सीमित परिवार और उसमें भी बच्चों के नौकरी पर बाहर चले जाने से अकेले रह रहे बुजुर्गों को खुशहाल बनाने के लिये एक प्लेटफॉर्म देने की आवश्यकता है। कमिश्नर ने सुझाव दिया कि ए-क्लास के अच्छे बुजुर्ग अगर इसमें जुड़े तो सर्वसुविधायुक्त वृद्धाश्रम तैयार हो सकता है।

      इसके पूर्व आयोग के अध्यक्ष श्री धर्माधिकारी ने सभी जिलों में कलेक्टरों से उनके जिलों में बुजुर्गों के कल्याण के लिये चल रहीं योजनाओं की समीक्षा की। श्री धर्माधिकारी ने मौके पर ग्वालियर के बुजुर्गों के कल्याण के लिये चल रहे कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कलेक्टर के कार्यों की सराहना की।

      बैठक में बुजुर्गों के कल्याण के लिये सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी श्री भूपेन्द्र जैन, डॉ. केशव पाण्डे, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. आर पी शर्मा, नारायण वृद्धाश्रम की डॉ. लक्ष्मी गर्ग ने भी अपने विचार रखे।

      बैठक के अंत में श्री भूपेन्द्र जैन ने वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान की ओर से बुजुर्गों के कल्याण के लिये चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों को पॉवर पॉइंट प्रजेण्टेशन के माध्यम से दिखाया।

Share This News :