Home > अपना शहर ,
मोरारी बापू की कथा में उमड़ी भीड़

चार्टर्ड फ्लाइट से मोरारी बापू आए तो एयरपोर्ट पर एक झलक पाने के लिए टूट पड़े भक्त
संत श्री बापू ने कथा में कहा कि व्यक्ति को स्वभाव से नम्र, विनम्र और विनायक होना चाहिए। व्यक्ति में दयाभाव और सकारात्मक विचार जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि शांति और शक्ति कभी बूढ़े नहीं होते हैं। उन्होंने हिटलर के बारे में भी बताया और कहा कि आज भी कईं हिटलर हैं मगर यह ज्यादा समय तक नहीं चलते हैं।
बापू ने कहा कि ग्वालियर संगीत और सुर का एक बड़ा घराना है। निदा फाजली से लेकर तानसेन और अन्य महान कलाकार व संगीतज्ञ ग्वालियर से निकले हैं। ग्वालियर की धरा से निकली हर आवाज में संगीत सुनाई देता है। उन्होंने स्वर्गीय राजमाता विजयाराजे सिंधिया का भी स्मरण किया। कथा के दौरान बापू ने कई भजन भी सुनाये। आरती के साथ आज की कथा का समापन हुआ।
आज कथा सुबह 9.30 बजे से: बापू की श्रीराम कथा 19 फरवरी को प्रात: 9.30 बजे से शुरू होगी। जो दोपहर 1.30 बजे तक चलेगी।
श्रोताओं की उमड़ी भीड़: बापू की श्रीराम कथा सुनने के लिए फूलबाग मैदान पर श्रोताओं की बड़ी संख्या में भीड़ आई और पूरे अनुशासित तरीके से बैठकर कथा का श्रवण किया।
बापू चार्टर प्लेन से आये, हुआ स्वागत: 23 साल बाद जब शनिवार को मोरारी बापू ने ग्वालियर में रामकथा सुनाने के लिए कदम रखे, उनके भक्त स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पर टूट पड़े। हर भक्त चाहता था कि बापू उसे एक बार देख लें और हाथ उठा दें। भक्तों को नियंत्रित करने के लिए एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ के साथ पुलिसकर्मियों को जोरदार मेहनत करनी पड़ी। अब बापू लगातार 9 दिन तक ग्वालियर में रामकथा सुनाएंगे।
दोपहर करीब 2 बजे मोरारी बापू चार्टर्ड फ्लाइट से ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट पर आए। इसके पहले ही हजारों भक्त एयरपोर्ट के बाहर उनके स्वागत के लिए जुट पड़े। स्थिति यह थी कि एयरपोर्ट के अंदर और बाहर सिक्युरिटी फोर्स के जवानों को भक्तों को नियंत्रित करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ी। एयरपोर्ट पर मोरारी बापू का स्वागत करने के लिए केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के साथ आयोजन कमेटी के पदाधिकारी भी पहुंचे। जैसे ही बापू एयरपोर्ट से बाहर आए, भक्तों के सब्र का बांध टूट गया और उनकी एक झलक पाने के लिए भक्तों में होड़ मच गई। हर भक्त चाहता था कि बापू उसे एक झलक देखकर आर्शीर्वाद दे दें। मोरारी बापू ने भक्तों की भीड़ देखकर हाथ भी हिलाया और कुछ लोगों से माला भी ली और फिर कार में बैठकर चले गए।
कुटिया पर भी हुआ स्वागत: संत श्री मोरारी बापू के निवास हेतु चिरवाई नाके से आगे संजय भंसाली के निवास पर बापू की कुटिया का निर्माण किया गया है। जहां वह रहेंगे। जब बापू वहां पहुंचे तो सैकड़ों लोगों ने उनका स्वागत पुष्प बरसाकर किया।

Share This News :