Home > अपना शहर ,
ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में बनेंगी पेयजल की 13 नवीन टंकियाँ

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने की ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की सीमक्षा 

ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिये 13 नई पेयजल टंकियों का निर्माण किया जायेगा। अमृत योजना के तहत लगभग 15 करोड़ रूपए की लागत से बनने जा रहीं इन टंकियों की क्षमता 14 हजार 100 किलोलीटर से अधिक होगी। पेयजल सप्लाई के लिये 45 करोड़ रूपए की लागत से 260 किलोमीटर लम्बी पाइपलाईन भी ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों में बिछाई जायेगी। उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया द्वारा ली गई नगर निगम के अधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी गई। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों की समीक्षा इस बैठक में की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी व अधीक्षण यंत्री पीएचई श्री आर एल एस मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

      उच्च शिक्षा मंत्री ने सीवर लाईन से वंचित ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के कुछ इलाकों की कार्ययोजना को भी बैठक में अंतिम रूप दिया। इन कार्यों को भी सरकार की अमृत योजना में शामिल किया गया है। श्री पवैया ने ग्रीष्मकाल में पानी की समस्या के निदान के लिये तात्कालिक कदम उठाने के निर्देश भी नगर निगम के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा‍ कि गर्मी शुरू होने से पहले समय रहते उन क्षेत्रों का सर्वेक्षण करा लिया जाए, जहां जल अभाव की समस्या रहती है। साथ ही ठोस कार्ययोजना बनाकर इस समस्या को दूर करें।

      उन्होंने ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्रमुख मार्गों के निर्माण के संबंध में भी निर्देश दिए। श्री पवैया ने हिदायत दी कि बहोड़ापुर-सागरताल रोड़ की कार्ययोजना में जल निकासी को भी शामिल करें। नगर निगम आयुक्त ने जानकारी दी कि इस काम के लिये तीन करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। श्री पवैया ने अप्रैल तक इस काम को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कटीघाटी से घोसीपुरा स्टेशन सड़क सहित ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की अन्य सड़कों के निर्माण पर भी श्री पवैया ने चर्चा की। साथ ही दुर्गापुरी कॉलोनी में जलभराव की समस्या का निदान करने पर जोर दिय।

      नगर निगम आयुक्त श्री द्विवेदी ने ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रमुख चौराहों के सुनियोजित सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना के प्रस्ताव बैठक में रखे। साथ ही कहा कि चौराहों का सौंदर्यीकरण दो माह में पूर्ण कर लिया जायेगा। जिन चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जाना है, उनमें बहोड़ापुर, किलागेट व चार शहर का नाका चौराहे शामिल हैं।

यहाँ बनेंगी पेयजल की नवीन टंकियाँ

शनिवार की सायंकाल यहाँ बाल भवन में आयोजित हुई बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री द्ववेदी ने उच्च शिक्षा मंत्री को प्रजेण्टेशन के जरिए ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बनने जा रहीं नवीन टंकियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्टनगर, हीराभूमिया, सत्यनारायण की टेकरी, रक्कास, पीएचई कॉलोनी, झलकारी बाई, एबीएम, कांचमिल, साकेतनगर, रविनगर, आनंदनगर ए और बी, बेडीवाली माता के समीप इत्यादि स्थानों पर नवीन पेयजल टंकी प्रस्तावित हैं।

लक्ष्मण तलैया का होगा जीर्णोद्धार

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने लक्ष्मण तलैया की साफ-सफाई कराने के निर्देश भी बैठक में दिए। उन्होंने तलैया की तलहटी में जमा मिट्टी व कचरा हटवाने और पानी बदलने की हिदायत दी। साथ ही कहा कि तलैया की सफाई इस प्रकार से की जाए कि मछलियों को हानि न पहुँचे।

Share This News :