Home > अपना शहर ,
चीनौर में डिग्री कॉलेज शुरू : उच्च शिक्षा मंत्री ने लिया जायजा

कहा अगले शिक्षण सत्र से चीनौर में कम्प्यूटर साइंस की भी पढ़ाई होगी 

जिले के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित तहसील मुख्यालय चीनौर में बहुप्रतीक्षित डिग्री कॉलेज (महाविद्यालय) शुरू हो गया है। उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया शनिवार को कॉलेज जायजा लेने पहुँचे। प्रदेश सरकार के मंत्रिमण्डल में शामिल होने के बाद गत 15 सितम्बर को पहली बार अपने गृह ग्राम चीनौर पहुँचने पर श्री पवैया ने चीनौर में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की थी।

      फिलहाल यहाँ के एक सरकारी स्कूल के भवन में अस्थायी रूप से यह महाविद्यालय शुरू किया गया है। उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने महाविद्यालय में प्राध्यापकों की पदस्थापना भी करा दी है। साथ ही जरूरी फर्नीचर की व्यवस्था भी हो गई है। मौजूदा शिक्षण सत्र में स्नातक प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई होगी। महाविद्यालय का जायजा लेने पहुँचे श्री पवैया को अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा ने जानकारी दी कि ग्वालियर और डबरा के कॉलेजों में पढ़ रहे इस क्षेत्र के विद्यार्थी की सूची तैयार की गई है। साथ ही इन बच्चों से संपर्क किया जा रहा है, जो विद्यार्थी मौजूदा शिक्षण सत्र में ही चीनौर कॉलेज में पढ़ने की सहमति देंगे, उनका नाम यहाँ दर्ज कर पढ़ाई शुरू कर दी जायेगी।

महाविद्यालय का जायजा लेने के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने कहा कि चीनौर तथा समीपवर्ती गाँवों के विद्यार्थियों को अब कला, विज्ञान व वाणिज्य विषय की उच्च शिक्षा के लिये बाहर जाने की जरूरत नहीं रहेगी। उन्होंने कहा अगले शिक्षण सत्र से महाविद्यालय में कम्प्यूटर साइंस विषय भी शुरू कर दिया जायेगा।

कॉलेज के लिये प्रस्तावित जमीन भी देखी

      चीनौर के डिग्री कॉलेज का भव्य भवन बनाने के लिये जमीन भी तत्परता से तलाशी जा रही है। उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कॉलेज के लिये प्रस्तावित जमीन का शनिवार को जायजा लिया। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को इस मौके पर निर्देश दिए कि जमीन आवंटन की कार्रवाई तत्परता से की जाए।

      इस अवसर पर अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. सरोज मोदी, भोपाल से आए विभागीय अधिकारी डॉ. मनोज सिंह, साइंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बी पी एस जादौन तथा चीनौर कॉलेज में पदस्थ किए गए प्राध्यापक श्री रमेश कुमार जैन व श्रीमती इन्द्रा नार्वे सहित अन्य प्राध्यापकगण व संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

  

Share This News :