Home > अपना शहर ,
नकल में सहयोग करने वालों की मौके पर ही करें गिरफ्तारी – डॉ. गोयल

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बोर्ड परीक्षाओं को लेकर ली संयुक्त बैठक

नकल पर सख्ती से अंकुश लगाने के दिए निर्देश 

मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा ली जाने वाली हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री बोर्ड परीक्षाओं में नकल करने वाले एवं इसमें सहयोग करने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा। इनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की जायेगी। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर गुरूवार को कलेक्टर डॉ. संजय गोयल एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने संयुक्त रूप से संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा केन्द्राध्यक्ष को भी विशेष पुलिस अधिकारी के अधिकार दिए जायेंगे, जिससे वे बेखाफ होकर परीक्षा में पूर्णत: नकल रोक सकें। साथ ही नकल कराने वालों को मौके पर ही गिरफ्तार भी करा सकें।

      डॉ. गोयल ने यह भी साफ किया कि नकल में सहयोग करने वाले पर्यवेक्षक के खिलाफ निलंबन के साथ-साथ पुलिस कार्रवाई भी की जायेगी। साथ ही इसके लिये केन्द्राध्यक्ष भी जवाबदेह होंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी केन्द्राध्यक्षों को साफ तौर पर ताकीद कर दें कि परीक्षा केन्द्र पर ड्यूटी में लगे शासकीय सेवकों के अलावा किसी भी व्यक्ति को जिला शिक्षा अधिकारी की लिखित अनुमति के बगैर प्रवेश न दिया जाए।

      कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देश दिए कि संबंधित तहसीलदार और थाना प्रभारी संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केन्द्रों का पहले से ही निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि परीक्षायें पूरी तरह नकल विहीन और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सकें। अधिकारी द्वय ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की शुरूआत से ही सख्ती बरती जाए, जिससे कोई नकल करने की जुर्रत न कर सके।

पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने कहा कि नकल में सहयोग करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। इसके लिये हर परीक्षा केन्द्र पर सशस्त्र बल तैनात किया जायेगा। साथ ही पुलिस के उड़नदस्ते भी नियमित रूप से हर परीक्षा केन्द्र पर पहुँचेंगे।

      बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, एडीएम श्री शिवराज वर्मा व जिला शिक्षा अधिकारी श्री विकास जोशी, संबंधित एसडीएम व पुलिस अधिकारी तथा परीक्षाओं से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद थे।


नकल रोकने अलग से कंट्रोल रूम

      कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखकर बनाए जाने वाले नियमित कंट्रोल रूम के अलावा नकल रोकने के लिये एक अलग से कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी जाए। साथ ही कंट्रोल रूम में पुलिस के रोजनामचा की तर्ज पर एक रजिस्टर संधारित करें, जिसमें नकल रोकने के लिये हुई कार्रवाई के साथ-साथ यह भी दर्ज किया जाए कि किसी दोषी को बचाने के लिये कहाँ-कहाँ से सिफारिशें आई हैं।

सामूहिक नकल का पता लगाने अलग से दस्ता

      जिले के हर परीक्षा केन्द्र पर नकल को कड़ाई से रोकने के लिये विशेष उड़नदस्ता के अलावा सामूहिक नकल का पता लगाने के लिये अलग से दस्ते तैनात किए जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. गोयल ने कहा कि परीक्षा समाप्ति के बाद यह दस्ता विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर कॉपियों का मिलान कर यह देखेंगे कि परीक्षार्थियों द्वारा बिल्कुल एक समान उत्तर तो नहीं लिखे गए हैं। ऐसा पाए जाने पर सामूहिक नकल मानकर केन्द्राध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। साथ ही परीक्षार्थियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर के दायरे में लगेगी धारा-144

      बोर्ड परीक्षाओं के तहत जिले में स्थापित सभी परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा-144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू रहेंगे। इनके तहत कोई भी व्यक्ति शस्त्र व मोबाइल फोन इत्यादि लेकर इस क्षेत्र में नहीं आ सकेगा।

खास बातें एवं निर्देश

  • जिले में कुल 94 परीक्षा केन्द्र, इनमें से 55 अति संवेदनशील और 9 संवेदनशील।
  • नकल की प्रवृत्ति रोकने के लिये संबंधित संस्था के स्टाफ से ड्यूटी नहीं कराई जायेगी। कोटवार व दैनिक मजदूरी पर भी सेवायें ली जायेंगी।
  • परीक्षा केन्द्र पर बुनियादी सुविधायें मुकम्मल करने की जवाबदेही संबंधित संस्था प्रमुख और संकुल केन्द्र प्रभारी की होगी।
  • नकल रोकने के लिये तैनात अमले द्वारा ढ़िलाई बरतने पर उनके खिलाफ भी होगी सख्त कार्रवाई।
  • कलेक्टर ने कहा परीक्षा केन्द्र पर नियमित शौचालय/बाथरूम का उपयोग न कर अस्थायी बाथरूम बनाएँ, जहाँ नकल मटेरियल छुपाने की गुंजाइश न हो।
  • कलेक्टर ने कहा नकल रोकने के लिये सेवानिवृत्त पुलिस/सुरक्षा कर्मियों की सेवायें भी लें।

  

Share This News :