Home > अपना शहर ,
रंगों के त्यौहार होली सहित सभी त्यौहार शांति, सदभाव और आपसी भाईचारे से मनाएँ जिला स्तरीय शांति समिति ने की अपील

शिवरात्रि, होली, महावीर जयंती, गुड फ्राइडे व रामनवमी आदि त्यौहारों को लेकर हुई बैठक 

रंगों का त्यौहार होली, महाशिवरात्रि, गुड़ी पड़वा, चैती चाँद, नव दुर्गा, रामनवमी, महावीर जयंती एवं गुड फ्राइडे त्यौहार शांति, सदभाव एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील जिला शांति समिति ने की है। शांति समिति की बैठक गुरूवार को कलेक्टर डॉ. संजय गोयल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष की मौजूदगी में आयोजित हुई।

शांति समिति ने धार्मिक आयोजन के दौरान आम नागरिकों की सुविधाओं व शहर की व्यवस्थाओं को बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी शहरवासियों से की है।  à¤¶à¤¾à¤‚ति समिति के सदस्यगण भी अपने-अपने क्षेत्र में व्यवस्थाएँ बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभायेंगे।

      शांति समिति ने जिले वासियों से आग्रह किया है कि होलिका दहन में पूरी सावधानी बरतें अर्थात डाम्बरीकृत सड़क, बिजली, टेलीफोन व केबिल बायर के नीचे होलिका दहन न करें। होली पर लकड़ी का अपव्यय न करते हुए कण्डों के इस्तेमाल को प्राथमिकता दिए जाने की अपील भी शांति समिति ने की है। होली त्यौहार पर प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करने पर भी शांति समिति ने विशेष बल दिया है।

      कलेक्टर डॉ. गोयल ने इन सभी त्यौहारों पर पानी, बिजली व साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को दिए।

      कलेक्टर डॉ. गोयल एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने समिति को भरोसा दिलाया कि होलिका पर्व पर कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये एहतियात के तौर पर पुख्ता इंतजाम रखे जायेंगे। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को सख्ती से रोका जायेगा। त्यौहार के समय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में दोनों त्यौहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी है।

शांति समिति की बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी श्री शिवराज वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कौशल सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। साथ ही शहरकाजी अब्दुल हमीद कादिरी तथा सर्वश्री कमल माखीजानी, काजी तनवीर, राजू फ्रांसिस,  à¤…ख्तर कुर्रेशी,  à¤¡à¥‰. राजकुमार दत्ता, दीपक शर्मा, विनायक गुप्ता व श्री कुलदीप कौरव समेत समिति के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।

त्यौहारों पर बिजली आपूर्ति कदापि बाधित न हो

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बैठक में मौजूद मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को साफ तौर पर हिदायत दी कि इन त्यौहारों के दौरान बिजली आपूर्ति कदापि बाधित न हो। उन्होंने कहा हर क्षेत्र के लिये नामजद ड्यूटी लगाएँ। वरिष्ठ विद्युत अधिकारी स्वयं भ्रमण कर देखें कि विभागीय अमला इन त्यौहारों के दिन अपनी ड्यूटी पर तैनात रहें। उन्होंने कहा कि बेवजह बिजली की आपूर्ति बाधित होने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था करने वाली समितियाँ सम्मानित होंगी

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि महाशिवरात्रि तथा अन्य त्यौहारों पर भण्डारे के दौरान जो समितियाँ उत्कृष्ट साफ-सफाई व्यवस्था रखेंगी, उन्हें सम्मानित किया जायेगा।

बैठक के अन्य प्रमुख मुद्दे

  • जोर जबरदस्ती से चंदा वसूलने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।
  • शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की दुकानें होली त्यौहार पर रहेंगी बंद।
  • पुलिस दस्ते शहर भर में रखेंगे असामाजिक तत्वों पर नजर।
  • महाशिवरात्रि के भण्डारे को सड़क पर न करें तथा उनसे निकलने वाले दोने, पत्तल, पॉलीथिन को रोड़ पर न फेंकें। इसके लिये डस्टबिन की व्यवस्था की जाए।
  • गुड फ्राइडे त्यौहार के मद्देनजर गिरिजाघरों के आसपास साफ-सफाई के इंतजाम बेहतर हों।
  • नवदुर्गा के अवसर पर सभी देवी मंदिरों व उनके आसपास पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देकर मनचलों के विरूद्ध विशेष अभियान चलेगा।
  • भण्डारों व त्यौहार के दौरान तीव्र आवाज के डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी।
  • इन सभी त्यौहारों पर स्थित पूजा घरों के मार्गों पर स्ट्रीट लाईट और सुरक्षा के किए जायेंगे पुख्ता इंतजाम।

Share This News :