Home > अपना शहर ,
“मिल बाचें मध्यप्रदेश” अभियान 18 फरवरी से

ग्वालियर-चंबल संभाग के 15 हजार 690 विद्यालयों में जनप्रतिनिधि और

अधिकारी करेंगे बच्चों से चर्चा 

मध्यप्रदेश में सभी सरकारी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा शालाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से “मिल बाचें मध्यप्रदेश” अभियान 18 फरवरी से प्रारंभ किया जा रहा है। अभियान के तहत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता स्कूल में जाकर बच्चों से चर्चा करेंगे तथा उन्हें पढ़ाई से संबंधित एक पाठ पढ़कर भी सुनायेंगे। इसके साथ ही शाला को और बेहतर कैसे बनाया जा सकता है, इस संबंध में अपने सुझाव भी लिखित रूप से प्रस्तुत करेंगे। अभियान के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन भी होगा।

      ग्वालियर एवं चंबल संभाग के आठों जिलों के 15 हजार 690 शालाओं में 27 हजार 128 वॉलिन्टियरों ने उत्साह से इस अभियान में अपना पंजीयन कराया है। पंजीकृत वॉलिन्टियर अपने निर्धारित शाला में 18 फरवरी को शाला में जाकर बच्चों से चर्चा करेंगे, उन्हें महापुरूषों के प्रसंग सुनायेंगे तथा पढ़ाई को और कैसे रूचिकर बनाया जा सकता है, इस संबंध में चर्चा करेंगे।

      संयुक्त संचालक लोक शिक्षण संभाग ग्वालियर श्री शितांशु शुक्ला ने बताया कि ग्वालियर संभाग के ग्वालियर जिले के 1817 विद्यालयों में 4 हजार 458 पंजीकृत वॉलिन्टियर, शिवपुरी जिले के 2957 विद्यालयों में 3 हजार 518 वॉलिन्टियर, दतिया जिले के 1170 विद्यालयों में एक हजार 399 वॉलिन्टियर, गुना जिले के 2268 विद्यालयों में 3 हजार 380 वॉलिन्टियर एवं अशोकनगर के 1487 विद्यालयों में 2 हजार 316 वॉलिन्टियर शालाओं में जाकर बच्चों से चर्चा करेंगे।

इसी प्रकार चंबल संभाग के मुरैना जिले के 2346 विद्यालयों में 3 हजार 70 वॉलिन्टियर, भिण्ड जिले के 2491 विद्यालयों में 7 हजार 612 वॉलिन्टियर तथा श्योपुर जिले के 1154 विद्यालयों में एक हजार 375 वॉलिन्टियर ने अपना पंजीयन कराया है, जो 18 फरवरी को अपनी निर्धारित शाला में जाकर बच्चों से चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों में वॉलिन्टियरों के उन्मुखीकरण के लिये गत दिवस बैठकें आयोजित की जाकर अभियान की विस्तार से जानकारी दी गई है। इस अभियान और सफल और प्रभावशाली बनाने की अपील की गई है।

Share This News :