Home > अपना शहर ,
ग्वालियर संभाग में 4 हजार 938 स्कूल भवनों का निर्माण पूर्ण

शिक्षा प्राप्त करने के लिये स्कूली बच्चों को दूर-दराज नहीं जाना पड़े, इस उद्देश्य से पूरे प्रदेश भर में विभिन्न शिक्षा अभियानों के तहत स्कूल भवनों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्वालियर संभाग में वर्ष 2010-11 से अभी तक स्वीकृत स्कूल भवनों में से 4 हजार 938 स्कूल भवनों का निर्माण किया गया है।

      ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने एक समीक्षा के दौरान बताया कि ग्वालियर संभाग के 4 हजार 938 स्कूलों के निर्माण कार्य पूर्ण किए गए हैं। सर्वाधिक 4 हजारा 99 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण किया गया है। यह सभी निर्माण सर्वशिक्षा अभियान के अंतर्गत वर्ष 2010-11 में स्वीकृत 5 हजार 101 अतिरिक्त कक्षों में से किया है। इसमें सर्वाधिक 278 अतिरिक्त कक्ष अशोकनगर में, 244 अतिरिक्त कक्ष गुना जिले में, 240 शिवपुरी जिले में, 80 दतिया में और 71 अतिरिक्त कक्ष ग्वालियर में निर्मित हुए हैं। वर्तमान में 933 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कार्य जारी है।

      सर्वशिक्षा अभियान के तहत ही वर्ष 2010-11 में संभाग में 298 स्कूल भवन स्वीकृत किए गए थे। इनमें से 139 स्कूली भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है। इनमें सर्वाधिक 66 स्कूल भवन गुना जिले में, 56 शिवपुरी में, 12 अशोकनगर में और 5 दतिया जिले में बनाए गए हैं।

      राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत ग्वालियर संभाग में वर्ष 2010-11 में 163 भवन स्वीकृत किए गए थे, इनमें से 126 भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है।  35 भवनों का निर्माण कार्य जारी है। इस अभियान के तहत सर्वाधिक 48 भवन शिवपुरी जिले में किए गए हैं। गुना जिले में 40, दतिया में 31, अशोकनगर में 25 और ग्वालियर जिले में 19 भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण किया है।

      राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत ग्वालियर संभाग में वर्ष 2010-11 से वर्ष 2014-15 तक स्वीकृत 705 अतिरिक्त कक्षों में से 574 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया है। इसमें सर्वाधिक 198 अतिरिक्त कक्ष का निर्माण ग्वालियर जिले में किया गया है।  190 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण शिवपुरी जिले में, 79 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कार्य दतिया जिले में, 74 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कार्य गुना जिले में और 33 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कार्य अशोकनगर जिले में पूर्ण किया गया है।

Share This News :