Home > अपना शहर ,
विकासखण्ड स्तरीय अंत्योदय मेलों का आयोजन 25 व 27 फरवरी और 4 मार्च को

शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए – कलेक्टर 

सामाजिक न्याय विभाग द्वारा जिले के विकासखण्ड स्तरीय अंत्योदय मेलों का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला बरई में 25 फरवरी, डबरा में 27 फरवरी तथा भितरवार में 4 मार्च को आयोजित होगा। मेले की व्यवस्थाओं के संबंध में कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने विभागीय अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने मेले में कानून व्यवस्था के लिये एडीएम को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को मेले में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों को लाभान्वित हितग्राहियों की सूची एवं वितरण सामग्री उपलब्ध कराने तथा विभागीय योजनाओं का फोल्डर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी को मेला स्थल पर टेन्ट, बैरीकेटिंग, पार्किंग आदि की व्यवस्था सौंपी गई है।

संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय को नि:शक्त हितग्राहियों को लाने-लेजाने की व्यवस्था एवं उपकरण वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला पंचायत को जनपद पंचायतों से समन्वय कर विभागीय स्टॉल लगाने तथा प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग को कार्यक्रम स्थल पर रंगोली एवं साज-सज्जा के निर्देश दिए गए हैं। अनुविभागीय अधिकारियों को विभागों से समन्वय कर निर्माण कार्यों की सूची तैयार करने तथा लोकार्पण एवं शिलान्यास की व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर डॉ. गोयल ने अंत्योदय मेलों की सम्पूर्ण व्यवस्थायें समय रहते पूर्ण करने के निर्देश देने के साथ विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविर में अपने-अपने विभाग की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को उपलब्ध कराने के साथ ही अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का कार्य किया जाए। जिन योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा सकता है, उन्हें शिविर में ही लाभान्वित किया जाए। शिविर का ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें।

Share This News :