Home > अपना शहर ,
पीड़ित मानवता की सेवा भगवान की भक्ति समान है – राज्यपाल प्रो. सोलंकी

मरीजों के उपचार हेतु 25 लाख देने की घोषणा

रोटरी मेडीकल मिशन राहत 2017 के तहत मुरैना में 80 हजार से अधिक लोगों का

स्वास्थ्य परीक्षण : 2 हजार लोगों का हुआ ऑपरेशन 

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा है कि पीड़ित मानवता की सेवा भगवान की भक्ति के समान है। सेवा कार्य से जो आनंद प्राप्त होता है, वह और किसी कार्य से नहीं हो सकता है। प्रो. सोलंकी ने यह बात मुरैना में रोटरी मेडीकल मिशन राहत 2017 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने की।

इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह, क्षेत्रीय सांसद श्री अनूप मिश्रा, राज्यसभा सांसद श्री प्रभात झा, महापौर मुरैना श्री अशोक अर्गल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता हर्षाना, विधायक श्री बलवीर डण्डौतिया सहित जनप्रतिनिधि और चंबल संभाग के आयुक्त श्री शिवानंद दुबे, ग्वालियर संभाग के आयुक्त श्री एस एन रूपला, कलेक्टर मुरैना श्री विनोद शर्मा सहित अंतर्राष्ट्रीय रोटरी, राजकृष्ण तन्खा फाउण्डेशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा‍ कि प्रजातंत्र में सरकार का मतलब लोगों पर राज करना नहीं बल्कि लोगों की सेवा करना होता है। सरकार के पदों पर आसीन सभी लोग लोक सेवक होते हैं। इस बात का सभी लोगों को ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि तन्खा राजकृष्ण तन्खा फाउण्डेशन, रोटरी अंतर्राष्ट्रीय, मध्यप्रदेश फाउण्डेशन तथा मध्यप्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयास से मुरैना में आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा एवं शल्य क्रिया शिविर मध्यप्रदेश के अन्य जिलों के लिये उदाहरण बनेगा। इस शिविर में 80 हजार से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। दो हजार लोगों का ऑपरेशन तथा पाँच हजार से अधिक लोगों को इलाज हेतु चिन्हित करने का अनुकरणीय कार्य किया गया है। प्रो. सोलंकी ने चिन्हित लोगों के बेहतर उपचार हेतु 25 लाख रूपए की धनराशि देने की घोषणा भी की।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुरैना में इस विशाल चिकित्सा शिविर में मध्यप्रदेश सरकार के साथ तन्खा फाउण्डेशन एवं रोटरी अंतर्राष्ट्रीय संस्था द्वारा लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का जो कार्य किया गया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार अपने स्तर से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें मुहैया कराने हेतु कटिबद्ध है। इस दिशा में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान निरंतर बेहतर से बेहतर कार्य कर रहे हैं। लोगों के स्वास्थ्य के लिये सामाजिक संस्थाओं ने आगे आकर मुरैना में जो कार्य किया गया है, इससे मुरैना सहित धौलपुर, भिण्ड, श्योपुर के लोगों को भी लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि मुरैना में इस प्रकार का यह पहला प्रयास था, जिसके बेहतर परिणाम सामने आए हैं। शिविर में जिन लोगों को इलाज हेतु चिन्हित किया गया है, उनका इलाज ग्वालियर और जरूरत पड़ी तो दिल्ली, बम्बई में भी कराया जायेगा। लोगों के इलाज में पैसे की कमी नहीं आने दी जायेगी।

श्री तोमर ने कहा कि इस शिविर में शासन के साथ-साथ मुरैना के सभी लोगों ने भरपूर सहयोग प्रदान किया है। विधायक श्री बलवीर डण्डौतिया ने भी 2 लाख 50 हजार रूपए की धनराशि दी है। इसके साथ ही अन्य सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों ने शिविर में बढ़चढ़कर अपनी भागीदारी दिखाई है। इन सबको मेरी ओर से बधाई।

कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने कहा कि मुरैना में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं शल्य चिकित्सा शिविर लोगों के लिये वरदान साबित हुआ है।  80 हजार से अधिक लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया है। इसके साथ ही कई लोगों का ऑपरेशन भी किया गया है। शिविर में जिन लोगों को इलाज हेतु चिन्हित किया गया है, उनका इलाज भी कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुरैना में आयोजित शिविर के लिये भरपूर सहयोग देने के साथ सरकार का खजाना खोल दिया था। पैसे की कमी के कारण इलाज बाधित नहीं होने दिया जायेगा।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद श्री अनूप मिश्रा ने कहा कि तन्खा फाउण्डेशन द्वारा मुरैना जिले में ब्लड बैंक के लिये एक करोड़ रूपए की धनराशि देने की घोषणा की है। उक्त राशि से मुरैना में आधुनिक ब्लड बैंक तैयार कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से मुरैना के दूरस्थ क्षेत्र में रहने वाले गरीब लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त हुआ है। यह शिविर अन्य जिलों के लिये भी उदाहरण बनेगा। मुरैना में 6 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित शिविर में तन्खा फाउण्डेशन एवं रोटरी अंतर्राष्ट्रीय संस्था द्वारा शिविर में अपनी बेहतर सेवायें उपलब्ध कराई हैं। इसके साथ ही अन्य शहरों के चिकित्सकों ने भी शिविर में रहकर अपनी सेवायें दी हैं। मुरैना सांसद होने के नाते मैं उन सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर श्री विनोद शर्मा ने शिविर में की गई गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर में 80 हजार से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। इसके साथ ही पाँच हजार से अधिक लोगों को इलाज हेतु चिन्हित भी किया गया है। चिन्हित लोगों का इलाज प्रशासन करायेगा। कार्यक्रम का संचालन श्री भूपेन्द्र जैन ने किया।

शिविर में लोगों ने दिया सहयोग

      मुरैना में रोटरी मेडीकल मिशन राहत 2017 में तन्खा फाउण्डेशन द्वारा एक करोड़ रूपए की धनराशि ब्लड बैंक के लिये देने की घोषणा की गई। इसके साथ ही मध्यप्रदेश फाउण्डेशन द्वारा कैंसर के परीक्षण हेतु एक मोबाइल वैन देने की घोषणा की गई। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. सोलंकी द्वारा 25 लाख रूपए की राशि लोगों के बेहतर उपचार हेतु देने की घोषणा की गई। विधायक श्री बलवीर डण्डौतिया द्वारा 2 लाख 25 हजार रूपए की धनराशि उपचार हेतु प्रदान की गई है। शिविर में पंचायत एवं सामाजिक न्याय  विभाग द्वारा 100 दिव्यांगों को ट्राइस्किल प्रदान की गई।

    

Share This News :