Home > अपना शहर ,
नामांतरण की प्रविष्टि कम्प्यूटर में भी तत्परता से करें – अपर कलेक्टर श्रीमती चौहान

अंतरविभागीय समन्वय बैठक में दिए निर्देश 

कम्प्यूटर में नामांतरण की प्रविष्टि के काम में और तेजी लायें। सभी तहसीलदार इस पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान दें। इस काम में कदापि देरी न हो। यह निर्देश अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व एसडीएम मौजूद थे।

      सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने गेहूँ उपार्जन के लिये शेष किसानों को पंजीकृत करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि पंजीयन से छूट गए किसानों का तत्परता से पंजीयन करायें, साथ ही उनका सत्यापन भी करायें। बैठक में बताया गया कि जिले में अभी तक 8 हजार 422 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूँ बेचने के लिये अपना पंजीयन कराया है। संबंधित किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। अपर कलेक्टर ने जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को हिदायत दी कि किसानों की जानकारी तत्परता के साथ इस योजना के नोडल बैंक एचडीएफसी बैंक को पहुँचाई जाए।

सहकारी बैंक की वसूली में तेजी लाने पर भी बैठक में विशेष बल दिया गया। अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि घाटे में चल रहीं जिले की 10 प्राथमिक सहकारी संस्थाओं में पिछले पाँच वर्षों के दौरान तैनात रहे ऑडिटर को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएँ।

सीएम हैल्पलाईन में आईं शिकायतों को एल-1 स्तर पर निराकृत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इस कड़ी में चिकित्सा शिक्षा विभाग के डीन को पत्र लिखने के लिये भी कहा गया।

Share This News :