Home > अपना शहर ,
अपराध अनुसंधान विषय पर संगोष्ठी आयोजित

अपराध के लिये अपनाये जा रहे नए-नए तरीकों का सही-सही अनुसंधान कर भौतिक साक्ष्य जुटाने से संबंधित तकनीकी पहलुओं की जानकारी देने के लिये क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला द्वारा परिचर्चा सह संगोष्ठी आयोजित की गई। बीते रोज यहाँ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध अनुसंधान विषय पर आयोजित हुई इस संगोष्ठी में पुलिस अधिकारियों सहित विवेचकगण, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक एवं प्रधान आरक्षकों ने हिस्सा लिया।

      संयुक्त निदेशक क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला श्री एस पी शर्मा ने संगोष्ठी में जानकारी दी कि अपराधों के घटना स्थलों का निरीक्षण कर प्रकरणों को हल करने में वैज्ञानिक दृष्टिकोंण अपनाने की जरूरत होती है। फोरेंसिक विषय की उपयोगिता और क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला में होने वाले विभिन्न परीक्षणों के लिये घटना स्थल से भौतिक साक्ष्यों को जुटाने की प्रक्रिया से संबंधित बारीकियाँ उन्होंने बताईं। साक्ष्यों को कैसे सुरक्षित रखा जाए, परीक्षण के दौरान क्या-क्या जानकारी ली जाए, इत्यादि सहित फोरेंसिक जाँच से संबंधित तमाम तकनीकी पहलुओं के बारे में संगोष्ठी में बताया गया। संगोष्ठी में प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।

      संगोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कौशल, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी श्री संदीप तोमर, डॉ. विनोद ढ़ींगरा, श्री एन के दुधारिया एवं डॉ. आनंद पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Share This News :