Home > अपना शहर ,
ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में एक हजार करोड़ से अधिक के निर्माण कार्य प्रगति पर – - केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा – लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह

122 करोड़ रूपए लागत की तीन सीमेंट कंक्रीट रोड़ लोकार्पित 

केन्द्रीय पंचायतीराज, पेयजल, स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि गत कुछ वर्षों में ग्वालियर जिले का नक्शा बदला है। उनके संसदीय क्षेत्र में एक हजार करोड़ के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं और आने वाले कुछ ही दिनों में लगभग 250 करोड़ रूपए की लागत के दो प्रमुख मार्गों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। उन्होंने यह बात आज विक्की फैक्ट्री तिराहे पर 122 करोड़ रूपए से बनाई गई तीन सीमेंट कंक्रीट रोड़ों के लोकार्पण अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री रामपाल सिंह ने की। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया सहित विधायक द्वय श्री नारायण सिंह कुशवाह, श्री भारत सिंह कुशवाह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

      केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर शहर की पहचान प्रदेश के प्रमुख शहरों के रूप में है। सुनियोजित विकास के प्रयास प्रदेश और केन्द्र में नई सरकार के गठन के साथ ही प्रारंभ हो गए थे। इसी का परिणाम है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से विकास गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। उनके संसदीय क्षेत्र में एक हजार करोड़ से अधिक के कार्य प्रगति पर हैं। जिले में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। वर्तमान में 150 करोड़ रूपए की लागत से मुरार से बेहट मार्ग, 75 करोड़ रूपए की लागत से मुरार से चितौरा रोड़, 70 करोड़ रूपए की लागत से मकोड़ा से छीमक रोड़ तथा 84 करोड़ रूपए की लागत से शीतला माता से चीनौर रोड़ का निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में 1.18 करोड़ रूपए की लागत से बरी से बकोड़ा रोउ़, 1.95 करोड़ रूपए की लागत से पिपरोल से रामनगर रोड़ के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की दी गई है। उन्होंने कहा कि रायरू से बहोड़ापुर तक फोरलेन रोड़ निर्माण के लिये राज्य सरकार द्वारा 150 करोड़ रूपए प्रस्ताव बनाकर केन्द्र सरकार को भेज दिया गया है, जिसे शीघ्र मंजूरी मिल जायेगी। उन्होंने भितरवार अंचल में नयागांव, चीनौर, करहिया से भितरवार तक का सड़क मार्ग की आवश्यकता बतलाते हुए लोक निर्माण मंत्री श्री रामपाल सिंह से स्वीकृति का अनुरोध भी किया। इस पर लगभग 100 करोड़ रूपए का व्यय आना संभावित है।

      श्री तोमर ने ग्वालियर जिले के चहुमुखी विकास पर हर्ष व्यक्त करते हुए स्वच्छता अभियान में देश के 91 चुनिंदा जिलों में सम्मिलित होने पर महापौर नगर निगम और जिला प्रशासन सहित शहरवासियों को बधाई भी दी। उन्होंने बताया कि एन एच-3 से बेला की बावड़ी तक साडा होते हुए बायपास राड़ निर्माण के लिये वर्ल्ड लाईफ से एनओसी मिल गई है। इस कार्य के लिये प्रोजेक्ट शीघ्र ही तैयार करा लिया जायेगा।

      प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री रामपाल सिंह ने कहा कि सन् 2003 में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद सबसे ज्यादा काम प्रदेश के अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने में किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा 19 हजार करोड़ रूपए खर्च करके 21 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण इस अवधि में किया गया है। वर्तमान में एक लाख 13 हजार 500 करोड़ रूपए के निर्माण कार्य संचालित हैं। राज्य सरकार द्वारा काम की गुणवत्ता और समय-सीमा पर पूर्ण नियंत्रण रखते हुए 13 स्थानों पर प्रयोगशालायें स्थापित की गई हैं। इस अवधि में प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग की लम्बाई 4 हजार 700 किलोमीटर से बढ़कर 12 हजार किलोमीटर हो गई है, 24 नए स्टेट हाईवे  बनाए गए हैं तथा 138 प्रमुख जिला मार्ग स्वीकृत किए गए हैं। राज्य सरकार द्वारा ईमानदारी और गुणवत्ता पर नियंत्रण के साथ काम करने वाली निर्माण एजेन्सियों और संबंधित इंजीनियरों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। लेकिन जिनके द्वारा गुणवत्ता से समझौता किया जायेगा, ऐसे लोगों से सरकार सख्ती से निपटेगी।

      प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर शहर में सड़क, पानी, सीवर और स्वच्छता सभी क्षेत्रों में बेहतर काम हुआ है। इसी कड़ी में ग्वालियरवासियों को 122 करोड़ रूपए की लागत से बनाई गईं तीन सीमेंट कंक्रीट रोड़ों का तोहफा आज मिल सका है। उन्होंने कहा कि यह विकास गतिविधियाँ माननीय मुख्यमंत्री जी के इस कथन की पुष्टि करती हैं, जिसमें उनके द्वारा कहा जाता है कि प्रदेश के विकास में पैसे की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने रिकॉर्ड समय में सड़कों के निर्माण कार्य पूर्ण किए जाने पर लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेन्सी को बधाई दी।

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि शहर के प्रवेश द्वार का श्रृंगार उत्तम गुणवत्ता की सड़कों से हो जाने के कारण शहर की सुंदरता में चार चाँद लग गए हैं। उन्होंने गत कुछ वर्षों में ग्वालियर में हुईं विकास गतिविधियों को क्रांतिकारी विकास का उदाहरण देते हुए केन्द्र व राज्य सरकार के प्र‍ति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा ऐसे प्रतिभाशाली छात्र जिनके द्वारा 12वीं की परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए जाते हैं और राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने के बाद धन आभाव के कारण प्रवेश न ले पाने पर ऐसे बच्चों की पढ़ाई का शत प्रतिशत खर्चा राज्य सरकार द्वारा उठाया जायेगा। इसके लिये आवश्यक होगा कि उनके परिवार की वार्षिक आय 10 लाख रूपए से अधिक न हो।

      ग्वालियर ग्रामीण के विधायक एवं कार्यक्रम के संयोजक श्री भारत सिंह कुशवाह ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया और जिले को मिलने वाली इस सौगात के लिये केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर और लोक निर्माण मंत्री श्री रामपाल सिंह के प्रति आभार ज्ञापित किया।

इससे पूर्व लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि इन तीनों सीमेंट कंक्रीट रोड़ों के निर्माण पर कुल 122 करोड़ 2 लाख 50 हजार रूपए की राशि व्यय की गई है। जिनमें एन एच-3 चौधरी ढ़ाबा से विक्की फैक्ट्री जिसकी लम्बाई 7.94 कि.मी. है। इसकी कुल लागत 56 करोड़ 66 लाख 37 हजार है। इसी प्रकार विक्की फैक्ट्री से मालवा इंजीनियरिंग कॉलेज एन एच-75 तक कुल लम्बाई 6.60 कि.मी., इसकी कुल लागत 55 करोड़ 40 लाख 42 हजार तथा गाँधी रोड़ से न्यू कलेक्ट्रेट मार्ग जिसकी कुल लम्बाई 3 कि.मी. और लागत 9 करोड़ 95 लाख 71 हजार रूपए है।

इस अवसर पर महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश जादौन, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष श्री देवेश शर्मा, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

देश की वाटर हार्वेस्टिंग वाली पहली सीसी रोड़

      विक्की फैक्ट्री से लेकर चौधरी ढ़ाबे तक और विक्की फैक्ट्री से लेकर मालवा कॉलेज तक बनाई गईं सीमेंट कंक्रीट रोड़ देश की पहली ऐसी रोड़ हैं जिनमें वर्षा के पानी के हार्वेस्टिंग के लिये 40 स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग प्वॉइंट बनाए गए हैं। इनके निर्माण से वर्षाकाल में सड़कों पर पानी एकत्र नहीं होगा। साथ ही यह पानी इन प्वॉइंटों के माध्यम से जमीन में चला जायेगा।

निर्धारित समय-सीमा से पहले बनाई सड़कें

      प्रमुख अभियंता ने बताया कि विक्की फैक्ट्री से लेकर चौधरी ढ़ाबे तक सड़क मार्ग निर्माण की जिम्मेदारी परिवर्तन बिल्डर समूह को दी गई थी तथा विक्की फैक्ट्री से मालवा कॉलेज तक सड़क निर्माण की जिम्मेदारी दिलीप बिल्डकॉम कंपनी को दी गई थी। इन दोनों ही कंपनियों द्वारा निर्धारित समय-सीमा अगस्त 2017 से 6 माह पूर्व ही सड़कों का निर्माण उत्तम गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर एक अच्छे निर्माण कार्य का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

    

Share This News :