Home > अपना शहर ,
राजपूत समाज ने संस्कृति व संस्कारों की मजबूत नींव रखी: सिंधिया

सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
ग्वालियर। कांग्रेस सांसद और पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि राजपूत समाज बेटियों को पढ़ाने में कोताही न बरते, क्योंकि बदलते परिवेश में हर परिवार का शिक्षित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विश्वभर में संस्कृति व संस्कारों में बदलाव आ रहा है और राजपूत समाज ने आज भी संस्कृति व संस्कारों की नींव को मजबूत बनाकर रखा है। श्री सिंधिया शुक्रवार को चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सभागार में राजपूत समाज के प्रतिभाशाली व्यक्तियों के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि की आसंदी से बोल रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संतकृपाल सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीआईजी एसएएफ योगेन्द्र सिंह सिकरवार, विक्रम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. आरकेएस चौहान, जीवाजी विश्वविद्यालय के प्रो. एपीएस चौहान, सेवानिवृत्त कर्नल डीपीएस भदौरिया एवं साहित्यकार व समाजसेवी श्रीमती पुष्पा सिसोदिया मंचासीन रहे। संचालन एडीशनल एसपी देवेन्द्र सिंह चौहान ने एवं आभार भक्तप्रकाश ने व्यक्त किया। राजपूत समाज के भव्य सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि श्री सिंधिया ने कहा कि राजपूत समाज वीरता व सत्यता का परिचायक है। इस समाज में छल-कपट का कोई स्थान नहीं है। राजपूत समाज ने हमेशा सर्वहारा वर्ग के उत्थान व रक्षा के लिए कार्य किया है और भारत को एक गुलदस्ते के रूप में संजोकर रखते हुए अपने साफे की आन, बान व शान को बनाए रखते हुए सभी समाज को साथ लेकर सक्षम भारत के नव निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज में, राजनीति में, राजनीति में महिलाओं को आगे बढ़ाने का जिक्र करते हुए श्री सिंधिया ने कहा कि महिलाओं की वीरगाथा किसी से कम नहीं है, जब वे घर चला सकती हैं तो देश व प्रदेश भी चला सकती हैं। इसलिए महिलाओं की भागीदारी पचास फीसदी होना चाहिए। श्री सिंधिया ने नौजवानों का आव्हान किया कि वे इस दौर में पनप रहे असहिष्णुता को खत्म करने के लिए समाज में अच्छे कार्यों के लिए अपनी भागीदारी बढ़ाएं। उन्होंने सम्मानित हुए व्यक्तियों को बधाई दी।
संतजी बोले महारात रात 12 बजे मुझसे मिलने घर से बाहर आए थे
संतकृपाल सिंह ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि सिंधिया परिवार पीडि़त मानवता की सेवा में हमेशा अग्रणी रहता है। उन्होंने एक किस्सा सुनाते हुए बताया कि स्व. महाराज माधवराव सिंधिया को जब मैंने बताया कि एक पुलिसकर्मी का बेटा एक्सीडेंट में घायल होकर दिल्ली पहुंचा है तो उन्होंने उसके इलाज की व्यवस्था के साथ-साथ आर्थिक मदद की, मगर एक व्यक्ति ने जो दिल्ली में बैठकर रसूखदार बना रहा उसने कोई मदद नहीं की। उस व्यक्ति की मदद दिग्विजय सिंह ने भी की थी। संत जी यहीं नहीं रूके, आगे बोले मैं अभी एक कार्यक्रम में दिल्ली गया था, जब मैं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के घर के बाहर से निकल रहा था, तब मैंने सोचा मिलता चलूं, मगर रात को 12 बज रहे थे, अंदर एक व्यक्ति को मैंने भेजा, महाराज जाग रहे थे, वे मुझसे मिलने गेट के बाहर आ गए और सहज, सरल भाव से मुझसे मिले और पूछा सब ठीक तो है, इतनी रात आप आए। मैं महाराज के व्यवहार से बहुत प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि समाज में रह रहे लोगों को हेल्पफुल नेचर का होना चाहिए, जैसे सिंधिया परिवार है।
सिंधिया परिवार से रिश्ते तो छत्रसाल के युग से है: प्रो. चौहान
जीवाजी विश्वविद्यालय में पदस्थ प्रो. एपीएस चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि राजपूतों के रिश्ते सिंधिया परिवार से छत्रसाल के युग से चले आ रहे हैं। राजपूत समाज का सिंधिया परिवार में रिश्ते आज भी कायम है। हम इस परिवार का सम्मान करते हैं और करते रहेंगे। कार्यक्रम आयोजक आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि राजपूत समाज के होनहार लोगों के सम्मान का क्रम जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सिंधिया परिवार ने क्षत्रिय समाज को आगे बढ़ाने का काम हमेशा किया है, मगर कुछ लोग स्वार्थ वश समाज को तोडऩे का काम करते हैं, अर्नगल बयानबाजी करते हैं। हम सब को एकजुट होकर रहने की जरूरत है। क्षत्रिय समाज के नेता दशरथ सिंह तोमर ने भी विचार व्यक्त किए।

Share This News :