Home > अपना शहर ,
श्री हितेन्द्र शर्मा को प्रशासनिक अधिकारियों, परिजनों और हजारों शहरवासियों ने शुभकामनाओं के साथ किया रवाना

शांति, मित्रता और आनंद का संदेश लेकर 11 देशों की यात्रा पर निकले शहर के युवा श्री हितेन्द्र शर्मा को थीम रोड़ स्थित फ्लैग प्वॉइंट से हजारों शहरवासियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शुभकामनाओं के साथ विदा किया। उनकी यात्रा निर्वाध रूप से पूर्ण हो और वह अपने मिशन को सफलतापूर्वक पूरा कर सकें। यह शुभकामनायें संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, एडीएम श्री शिवराज वर्मा सहित उनके परिजनों और मित्रों ने दी।

      इस अवसर पर संभाग आयुक्त श्री रूपला ने कहा कि भारत ने अनादिकाल से सम्पूर्ण विश्व को विश्व बंधुत्व, शांति और अहिंसा का संदेश दिया है। गौतम बुद्ध से लेकर महात्मा गाँधी तक ने दुनिया को यह बतलाया कि हम परस्पर प्रेम, मानवता और भाईचारा चाहते हैं। इन सब सिद्धांतों पर अमल करने पर सम्पूर्ण विश्व आनंद की अनुभूति कर सकता है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा भी प्रदेशवासियों के जीवन में आनंद की अनुभूति कराने के लिये विशेष रूप से आनंदम विभाग की स्थापना की गई।

      उन्होंने कहा ग्वालियरवासियों के लिये गर्व का विषय है कि उनके ही शहर का एक युवा हितेन्द्र शर्मा विश्व के 11 देशों में “फ्रेंडशिप-पीस-ट्रुली-हैप्पीनेस” का संदेश लेकर 90 दिन की यात्रा पर जा रहा है। वह इन देशों में ग्वालियर की माटी की खुशबू, प्यार और स्नेह बांटेगा। उन्होंने हितेन्द्र शर्मा के साथ-साथ उसके परिजनों को भी बधाई दी।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि हितेन्द्र शर्मा के जज्बे को हमें सलाम करना चाहिए। उन्होंने स्वप्रेरणा से इस मिशन को अपने हाथ में लिया है। वे दोस्ती, प्रेम और आनंद का संदेश लेकर जिन देशों में पहुँचेंगे, उनमें ग्वालियर की पहचान बनेगी। डॉ. गोयल ने हितेन्द्र शर्मा को प्रेरित करने के लिये उनके पिता श्री ए. पी. तिवारी और गुरूजी को भी साधुवाद दिया। जिनकी प्रेरणा से हितेन्द्र को नैतिक बल मिल सका है।

      इससे पूर्व एडीएम श्री शिवराज वर्मा ने आनंदम की अवधारणा के बारे में बतलाया। इसके पश्चात सभी प्रशासनिक अधिकारियों और श्री शर्मा के परिजनों ने हरी झण्डी दिखाकर उन्हें विदा किया।

      श्री शर्मा अपनी तीन माह की यात्रा के दौरान 11 देशों में 30 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। वे अगले चार दिन में देश की सीमा पार कर जायेंगे। श्री शर्मा का पहला पड़ाव बनारस, शिलीगुड़ी, आसाम व मणिपुर होगा। उसके बाद वे म्यांमार, थाईलैण्ड, मलेशिया, सिंगापुर, कम्बोडिया, वियतनाम, लाउस, नेपाल, भूटान पहुँचेंगे। यहाँ से वापस भारतवर्ष की सीमा में प्रवेश करेंगे।

  

Share This News :