Home > अपना शहर ,
भारत के स्वैच्छिक दूत बने हैं हितेन्द्र शर्मा – श्री पवैया

उच्च शिक्षा मंत्री ने सड़क मार्ग से 11 देशों की यात्रा पर जा रहे

हितेन्द्र शर्मा को दी शुभकामनायें 

ग्वालियरवासी एक राष्ट्रप्रेमी युवा का एशिया के 11 देशों में भारत का स्वैच्छिक दूत बनकर जाना ग्वालियर के लिये गौरव की बात है। जब लोग अपने आपमें आत्म केन्द्रित हो रहे हों तब राष्ट्रध्वज लेकर सड़क के रास्ते एक युवा का विभिन्न देशों को भारतीय संस्कृति और मूल्यों का संदेश देने के लिये निकलना अन्य युवाओं के लिये प्रेरणादायी है। यह बात उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने सड़क मार्ग से 11 देशों की यात्रा पर जा रहे श्री हितेन्द्र शर्मा को शुभकामनायें देते हुए कही।

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने कहा कि भारत की गौरवशाली जीवन परंपरा को अन्य देशों में रखना और दूसरे देशों की अच्छी बातों को अपने राष्ट्र में आकर बांटने की महती जरूरत है। उन्होंने कहा हम कभी तकनीक और धन के बल पर विश्व गुरू बनने का सपना नहीं देख सकते। हमारी विशिष्ट जीवन शैली व योग सहित आध्यात्मिक परंपरायें और हिंदुस्तानियों की साफगोई वो विलक्षण बात है, जो भारत के गरीब से गरीब व्यक्ति को भी अमीरों की तरह खुश रहने की ताकत देती है। श्री पवैया ने कहा इन तत्वों के बल पर ही आने वाले एक दशक में भारत समूचे विश्व पर छा जाने वाला है। देश को हितेन्द्र शर्मा जैसे युवाओं की जरूरत है।

Share This News :