Home > अपना शहर ,
प्रतिभा कभी धन की दासी नहीं होती - उच्च शिक्षा मंत्री

श्री पवैया के मुख्य आतिथ्य में सरस्वती शिशु मंदिर केदारधाम का वार्षिकोत्सव आयोजित 

प्रतिभा कभी धन की दासी नहीं होती। आत्मविश्वास ऊँचा रखें और अपने अंदर हीनभावना न आने दें । आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति की बदौलत बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं । महान गणितज्ञ आर्यभट्ट, पूर्व राष्ट्रपति स्व. डॉ.अब्दुल कलाम आजाद, पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी इसके उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जिन्होंने साधारण परिवार में जन्म लेकर सफलता के प्रतिमान स्थापित किए। उक्त आशय का आहवान उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने सरस्वती शिशु/उच्चतर विद्या मंदिर केदार धाम के वार्षिकोत्सव एवं सांस्कृतिक समारोह में मौजूद बच्चों से किया।

            गुरूवार की सांयकाल आयोजित हुए इस समारोह को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने शिक्षा व विद्या का अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि किताबी शिक्षा केवल नौकरी या कमाने का माध्यम बनती हैं । विद्या वह है जिससे मनुष्य का सर्वागीर्ण विकास होता है । उन्होंने बच्चों से यह भी कहा कि शिक्षा रोजगार का साधन तो बने मगर राष्ट्रभक्ति भी मन में सदैव रहनी चाहिए । श्री पवैया ने सरस्वती शिशु मंदिरों की शिक्षा पद्धति ऐसे ही राष्ट्र भक्तों को गढ़ने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा शिशु मंदिर भारत को गढ़ने वाली कार्यशालाओं के समान है। श्री पवैया ने कहा सरस्वती शिशु मंदिर में बच्चों का चतुर्दिक विकास अर्थात बुद्धि-मन आत्मा और शारीरिक सभी तरह के विकास पर ध्यान दिया जाता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुर्वेदिक कॉलेज के अधीक्षक एवं प्राचार्य श्री सी पी शर्मा ने की।  में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती करूणा सक्सेना ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर की स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था जल्द से जल्द की जायेगी।

आरंभ में मुख्य अतिथि श्री पवैया ने दीप प्रज्ज्वलित कर वार्षिकोत्सव का शुभारंभ किया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमल किशोर यादव ने स्वागत उदबोधन दिया। साथ ही विद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।  

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

     सरस्वती शिशु मंदिर केदारधाम के बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के बच्चों ने हैरतअंगेज पिरामिड बनाकर सभी को रोमांचित कर दिया। इसके अलावा “बम-बम भोले”, “रंगीलो मेरो ढोलना” और “मेरा रंग दे बसंती” सहित अन्य गीतों पर प्रस्तुत किए गए सामूहिक नृत्यों ने भी समा बांध दिया।

  

Share This News :