Home > अपना शहर ,
जरूरतमंदों की मदद के लिये बड़ी संख्या में आगे आए आनंदक आनंदकों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

जरूरतमंद की मदद कर आनंद की अनुभूति करने की मूल अवधारणा को साकार रूप प्रदान करने के लिये जिले के 283 स्वयंसेवी प्रवृत्ति के व्यक्ति आनंदक के रूप में सामने आए हैं। चर्चा के दौरान किसी ने जरूरतमंदों के लिये नि:शुल्क एम्बूलेंस उपलब्ध कराने की पहल की, तो किसी ने मेधावी बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग की, तो किसी ने आनंदकों द्वारा रक्त दान शिविर आयोजित करने की सलाह दी गई।

यह सभी व्यक्ति शिक्षा, स्वास्थ्य, योग, आद्यात्म, चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवायें प्रदान कर रहा है। आनंदक के रूप में जब आज उनसे कलेक्ट्रेट सभागार में इस विषय पर चर्चा की गई कि वे अपनी सेवाओं के माध्यम से समाज को और क्या प्रदान कर सकते हैं, जिससे देने और लेने वाले दोनों व्यक्तियों को आनंद की अनुभूति हो सके।

कलेक्ट्रेट के स्व. टी.धर्माराव सभागार में आयोजित इस चर्चा के दौरान आनंदम कार्यक्रम के नोडल अधिकारी और एडीएम श्री शिवराज वर्मा, एसडीएम श्री रिंकेश वैश्य, आनंदम सहयोगी डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा व श्री अनिल कुमार वशिष्ठ सहित जिले के सभी आनंदक उपस्थित थे।

इस अवसर पर एडीएम श्री शिवराज वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के अधोसंरचना विकास के साथ-साथ प्रदेशवासियों के व्यक्ति विकास का काम हाथ में लिया गया है। इस उद्देश्य से समाज में जन कल्याण के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को एक छत के नीचे लाकर जरूरतमंदों की मदद का एक जनांदोलन प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में समाज में विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को आनंदम के रूप में पंजीकृत कर जिले की सामाजिक समस्याओं के निराकरण के प्रयास किए जायेंगे। उन्होंने आनंदकों का ध्यान शहर के पर्यावरण, जरूरतमंदों की शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे विषयों की ओर किया। जिसमें सभी के द्वारा बढ़-चढ़कर भागीदारी दर्ज कराने का आश्वासन दिया गया। साथ ही इस अभियान से अन्य लोगों को जोड़ने की बात भी स्वीकार की।

चर्चा के दौरान आनंदक के रूप में आए श्री रमेश झा द्वारा गरीब और असहाय मरीजों के लिये एक एम्बूलेंस नि:शुल्क उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इसी क्रम में राज्य प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री एम.पी.वत्स द्वारा शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ अशिक्षित और गरीब लोगों को उपलब्ध कराने में सहयोग करने, श्री ऋषिकेश वशिष्ठ द्वारा गरीब बच्चों और मंदबुद्धि बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने, पंजीकृत आनंदक के समूह द्वारा एक नि:शुल्क रक्तदान शिविर लगाए जाने का निर्णय लिया गया।

समूह द्वारा शहर में विशाल साइकिल रैली का आयोजन कर आनंद का संदेश भी जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जायेगा।

श्री हितेन्द्र शर्मा को आज संभाग आयुक्त दिखायेंगे हरी झण्डी

इसी कड़ी में 11 देशों को “फ्रेंडशिप-पीस-ट्रुली हैप्पीनेस” का संदेश लेकर जाने वाले श्री हितेन्द्र शर्मा को 10 फरवरी को प्रात: 10 बजे संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, एडीएम श्री शिवराज वर्मा थीम रोड़ पर स्थित फ्लैग प्वॉइंट से हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे। श्री शर्मा अपनी 30 हजार किलोमीटर की यात्रा 90 दिन में पूरी कर पूरी दुनिया को भारत की शांति, भाईचारे और आनंद का संदेश पहुँचायेंगे।

Share This News :