Home > अपना शहर ,
संभाग आयुक्त श्री रूपला ने की मेडीकल कॉलेज के कार्यों की समीक्षा

जनभागीदारी से दो अल्ट्रासाउण्ड मशीनों का प्रस्ताव कलेक्टर को भेजें 

संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला ने कहा है कि कमलाराजा एवं जयारोग्य अस्पताल में विभिन्न कार्यों तथा उपकरणों की खरीदी का  कार्य इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण किए जाएँ। इसके लिये स्वीकृत राशि किसी भी हाल में लैप्स नहीं होना चाहिए। राशि लैप्स होने की दिशा में संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। इसके साथ ही दो अल्ट्रासाउण्ड मशीनों का प्रस्ताव जनभागीदारी योजना के तहत कलेक्टर ग्वालियर को भेजा जाए। उन्होंने यह निर्देश गजराराजा चिकित्सालय महाविद्यालय स्वशासी समिति की बैठक में दिए।

      संभाग आयुक्त श्री रूपला ने कहा‍ कि चिकित्सालय परिसर में वार्डों एवं कक्षों के जीर्णोद्धार से संबंधित 17 प्राक्कलन 3 करोड़ 24 लाख 77 हजार रूपए के सिविल कार्य एवं एक करोड़ 14 लाख 58 हजार रूपए के बिजली संबंधी कार्य के प्राक्कलन तैयार किए गए हैं। इनका कार्य इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण कर लिया जाए। बैठक में ए.सी. क्रय की प्रशासनिक स्वीकृति देने के पश्चात भी कार्रवाई न होने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर अप्रसन्नता व्यक्त की गई। उन्होंने दवाओं के संबंध में निर्देशित किया कि दवाओं की कमी नहीं होना चाहिए। उपलब्ध बजट का सदुपयोग किया जाए तथा आवश्यकता होने पर अन्य बजट की मांग भी की जाए। उन्होंने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि ओपीडी में निर्धारित दवायें ही लिखें। अगर सूची के अलावा अन्य दवाओं की जरूरत हो तो चिकित्सक गुलाबी पर्चे पर न लिखें। इसके लिये सफेद मेन पर्ची पर दवा लिखते समय मरीज को समझाईश भी दें कि यह सूची की दवा नहीं है। इसे बाजार से क्रय की जाना होगा।

      बैठक में विभाग अध्यक्षों से वार्डों में लगे पलंगों का पुन: निर्धारण करने को कहा गया। जिन वार्डों में मरीजों की अधिकता हो तो वहाँ के मरीजों को अन्य वार्डों में पलंग उपलब्ध कराने की वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाए। बैठक में बताया गया कि अस्पताल में जनवरी माह में 40 हजार 202 मरीज ओपीडी में दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही 6 हजार से अधिक मरीजों को भर्ती भी कराया गया है। इसके साथ ही एक्स-रे, अल्ट्रासाउण्ड जनवरी माह में 10 हजार से अधिक कराए गए हैं।

      बैठक में गजराराजा चिकित्सालय महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस एन अयंगर, जेएएच समूह के अधीक्षक डॉ. जे एस सिकरवार, कार्डियोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत रस्तोगी सहित अन्य विभागाध्यक्ष और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share This News :