Home > अपना शहर ,
विवाद का नहीं प्रसन्नता का कारण बनें – श्री रूपला

कलेक्ट्रेट में आनंद विभाग की गतिविधियों के तहत अल्पविराम कार्यक्रम आयोजित 

सदैव इस बात का ध्यान रखें कि हम किसी विवाद का नहीं अपितु प्रसन्न्ता का कारण बनें। अपने भीतर अच्छा अनुभव करें और सकारात्मक सोच के साथ अपने भीतर अच्छा अनुभव करें। नकारात्मकता सदैव नुकसान देय होती है। उक्त आशय के विचार संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला ने आनंद विभाग की गतिविधियों के तहत कलेक्ट्रेट में आयोजित हुए “अल्पविराम” कार्यक्रम में व्यक्त किए।

      बुधवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुए कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कार्यक्रम में मौजूद शासकीय सेवकों का आहवान किया कि सकारात्मक विचारों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनायें। खुद भी सकारात्मक रहें और दूसरों पर भी इसकी छाप छोड़ें। उन्होंने कहा इससे शासकीय कामकाज में संवेदनशीलता और दक्षता आयेगी। डॉ. गोयल ने कहा कि प्रदेश की खुशहाली के लिये सरकार ने आनंद विभाग का गठन कर सकारात्मक पहल की है।

      जिले के आनंद विभाग के नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने आनंद विभाग के तहत जिले में चल रहीं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। साथ ही भावी योजनायें बताईं।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, संयुक्त कलेक्टर श्री आर सी मिश्रा व एसडीएम श्री रिंकेश वैश्य सहित कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न कार्यालयों में पदस्थ शासकीय सेवक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन आनंदम सहयोगी श्री सत्यप्रकाश शर्मा ने किया। आनंदम के संबंध में विशेष जानकारी देने के लिये भोपाल से आनंद विभाग के प्रतिनिधि के रूप में श्री हिमांशु भारत व श्री जितेश श्रीवास्तव भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। अल्पविराम कार्यक्रम में मौजूद सभी प्रतिभागियों को सकारात्मकता पर केन्द्रित वीडियो क्लिपिंग भी दिखाई गईं।

सड़क मार्ग से 11 देशों की यात्रा पर जा रहे श्री शर्मा को दी शुभकामनायें

“फ्रेंडशिप-पीस-ट्रुली हैप्पीनेस” के संदेश के साथ सड़क मार्ग से पूर्वी दुनिया के 11 देशों की यात्रा पर जा रहे ग्वालियर शहर के युवा आनंदक श्री हितेन्द्र शर्मा भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला और कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने उन्हें सुखद एवं सफल यात्रा के लिये शुभकामनायें दीं। मालूम हो श्री शर्मा 90 दिन में 30 हजार किलोमीटर कार द्वारा सड़क मार्ग से यह दूरी तय करेंगे। वह अपनी यात्रा में भारत से नेपाल, म्यांमार, थाईलैण्ड, कम्बोडिया, वियतनाम, लाउस, मलेशिया, सिंगापुर, चाइना होते हुए पीस और हैप्पीनेस के जनक देश भूटान पहुँचेंगे।

श्री हितेन्द्र शर्मा का कहना है कि इस यात्रा में इन सभी देशों में मध्यप्रदेश में “शांति, समृद्धि और विकास” के बाद “आनंद” के लिये राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का प्रचार-प्रसार भी करूँगा। साथ ही मध्यप्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहर से भी लोगों को जागरूक करने का प्रयास करूँगा। परस्पर “मित्रता, शांति और आनंद” का यह संदेश मध्यप्रदेश से इन देशों तक पहुँचे, ऐसा मेरा प्रयास रहेगा।

Share This News :