Home > अपना शहर ,
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस आज

01 से 19 वर्ष तक के बच्चों को खिलाई जायेगी कृमि नाशक गोली

कलेक्टर ने की अपील : बच्चों के समग्र विकास के लिये जरूर खिलायें गोली 

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत गुरूवार 9 फरवरी को ग्वालियर जिले में भी 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों को पेट के कीड़ों (पटार व अन्य कृमि) से मुक्ति दिलाने के लिये एल्बेण्डाजोल की गोली खिलाई जायेगी। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने इस अभियान को गंभीरता से अंजाम देने के निर्देश इस कार्य के लिये तैनात किए गए मैदानी अमले को दिए हैं।

डॉ. गोयल ने बताया कि पेट में कीड़े होने से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास अवरूद्ध हो जाता है। साथ ही उनकी पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित होती है। उन्होंने अपील की है कि जिलेवासी अपने बच्चों को इस गोली का अनिवार्यत: सेवन कराएँ। कृमि मुक्ति दिवस को खासकर जिले की सभी शासकीय, गैर शासकीय और अनुदान प्राप्त शालाओं, छात्रावासों, आश्रमों, केन्द्रीय विद्यालयों, आंगनबाड़ी इत्यादि में दर्ज बच्चों को कृमि नाशक एल्बेण्डाजोल की गोली समक्ष में खिलाई जायेगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को एक से दो वर्ष तक के बच्चों को एल्‍बेण्डाजोल की आधी गोली चूरा करके अर्थात पीसकर खिलाई जायेगी। साथ ही 02 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेण्डाजोल की पूरी गोली चबाकर खिलाने के लिये कहा गया है। उन्होंने बताया कि बच्चों में कृमि नाशक गोली के साईड इफैक्ट बहुत कम होते हैं। कृमि संक्रमण की अधिकता के कारण कुछ मामूली परेशानी मसलन चक्कर आना, जी-मचलाना, सरदर्द, उल्टी-दस्त और थकान का अनुभव हो सकता है। ऐसा होना इस बात का प्रतीक है कि अत्यधिक कृमि संक्रमण से ग्रस्त बच्चे में इस औषधिक का प्रभावी असर हो रहा है। मृत कृमियों के निकलने वाले टॉक्सिन्स के कारण बच्चों को यह कठिनाईयाँ होती हैं।

स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर एल्बेण्डाजोल सस्पेंशन/गोली, ओआरएस पैकेट, डोमपेरिडॉन टेबलेट/सेट्रिजन टेबलेट की व्यवस्था भी एहतियात बतौर की गई है। गंभीर प्रतिकूल लक्षण होने पर नि:शुल्क परिवहन व्यवस्था 108 एम्बूलेंस के जरिए की जायेगी।

Share This News :