Home > अपना शहर ,
नगर उदय अभियान के तहत हितग्राही सम्मेलन आज

मंत्री श्री पवैया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा सम्मेलन 

नगर उदय अभियान के तहत चयनित किए गए हितग्राहियों को सहायता वितरित करने के लिये नगर निगम के तत्वावधान में 8 फरवरी को हितग्राही सम्मेलन आयोजित होगा। प्रदेश सरकार की पहल पर इस दिन यह सम्मेलन प्रात: 11 बजे उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया के मुख्य आतिथ्य में फूलबाग मैदान पर शुरू होगा।

सम्मेलन की अध्यक्षता महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर करेंगे। विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह व श्री भारत सिंह कुशवाह तथा नगर निगम सभापति श्री राकेश माहौर सम्मेलन में बतौर विशिष्‍ट अतिथि मौजूद रहेंगे।

नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी ने बताया कि नगर उदय अभियान के दौरान ग्वालियर शहर में एक लाख 24 हजार 176 हितग्राहियों को विभिन्न जन सेवाओं से लाभान्वित कराया गया है। उन्होंने बताया 24 हजार हितग्राहियों को 8 फरवरी को आयोजित होने जा रहे सम्मेलन में सहायता वितरित की जायेगी। इनमें आवासीय योजनाओं के 5 हजार 724 हितग्राही शामिल हैं। सम्मेलन में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी किया जाना है।

जिले के अन्य नगरीय निकायों में भी होंगे सम्मेलन

      8 फरवरी को ग्वालियर जिले के अन्य नगरीय निकायों में भी हितग्राही सम्मेलन आयोजित होंगे। नगर पालिका डबरा के सम्मेलन में 5866, बिलौआ में 922, आंतरी में 440, पिछोर में 853 और नगर परिषद भितरवार में आयोजित होने जा रहे सम्मेलन में 385 हितग्राहियों को लाभान्वित कराया जायेगा। साथ ही विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया जायेगा।

मुख्यमंत्री के उदबोधन का होगा सीधा प्रसारण

      नगर उदय अभियान के तहत 8 फरवरी को प्रदेश भर के नगरीय निकायों में हितग्राही सम्मेलन आयोजित होंगे। इन सम्मेलनों में दोपहर 2 बजे से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के उदबोधन का दूरदर्शन एवं क्षेत्रीय चैनल के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जायेगा। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा नागरिकों से मुख्यमंत्री का सीधा संवाद भी होगा।

Share This News :