Home > अपना शहर ,
चोरों ने ड्रायफ्रूट्स की दुकान के ताले चटकाए

ग्वालियर। शहर में सक्रिय शातिर चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्ती को चुनौती देते हुये बीती रात इंदरगंज थाना क्षेत्र के मैना वाली गली में स्थित एक ड्रायफ्रूट्स की दुकान के ताले चटकाकर आधा लाख रुपए से ज्यादा का माल समेट ले गये। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल करने के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। 
इंदरगंज थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मैना वली गली में जयंत कुमार जैन निवासी सिकंदर कम्पू की तमन्ना ट्रेडिंग कम्पनी के नाम से एक ड्रायफ्रूट्स की थोक दुकान है। रोजाना की तरह ही बीती रात भी जयंत दुकान बढ़ाकर शटर में ताला डालकर घर गये थे। इसी बीच क्षेत्र में सक्रिय चोरों ने शटर के ताले चटकाकर दुकान में प्रवेश किया और गल्ले में रखी 28 हजार रुपए की नगदी सहित अन्य सामान समेट ले गये। दुकान संचालक जयंत को चोरी का पता तब चला जब रात्रि गश्ती पर पुलिस जवान निकले तो उन्होंने जयंत की दुकान का शटर उचका देखा और सामान बिखरा हुआ था। जिसके बाद पुलिस जवानों ने चोरी की जानकारी जयंत को दी। सूचना मिलते ही जयंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को बताया कि उनके गल्ले में रखी 28 हजार रुपए की नगदी सहित आधा लाख रुपए से ज्यादा का माल गायब है। चोरी का पता चलते ही चेम्बर के पदाधिकारी एवं स्थानीय दुकानदार भी मौके पर इकट्ठा हो गये और पुलिस के रात्रि गश्त पर नाराजगी जताने लगे। फिलहाल पुलिस ने जयंत की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Share This News :