Home > अपना शहर ,
फूलबाग मैदान पर 8 फरवरी को बटेगी 24 हजार हितग्राहियों को सहायता

कलेक्टर ने दिए निर्देश : सुव्यवस्थित ढंग से हो कार्यक्रम

अपर आयुक्त नगरीय प्रशासन ने की संभाग भर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा  

नगर उदय अभियान में चिन्हित हितग्राहियों को सहायता वितरित करने के लिये सुव्यवस्थित ढंग से कार्यक्रम आयोजित करें। इस कार्यक्रम में विभागीय प्रदर्शनियाँ भी लगाई जाएँ, जिससे सरकार द्वारा शहरी क्षेत्र के लिये संचालित योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को मिल सके। यह बात कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने 8 फरवरी को प्रस्तावित सहायता वितरण कार्यक्रम की तैयारी के सिलसिले में बुलाई गई बैठक में कही। फूलबाग मैदान ग्वालियर में आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम में 24 हजार से अधिक हितग्राहियों को सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत 22 करोड़ से अधिक सहायता वितरित की जायेगी। साथ ही करोड़ों की लागत के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी प्रस्तावित है।

अपर आयुक्त नगरीय प्रशासन डॉ. मंजू शर्मा ने संभागभर के नगरीय निकायों में 8 फरवरी को आयोजित होने जा रहे कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा इस बैठक में की। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन श्री आर के कार्तिकेय तथा संभाग के विभिन्न नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी बैठक में मौजूद थे।

कलेक्टर डॉ. गोयल ने बैठक में कहा कि ग्वालियर शहर में चल रहे स्वच्छता कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों को इस कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कराएँ। साथ ही वार्ड स्तर की स्वच्छता प्रतियोगिता में अव्वल रहीं मोहल्ला समितियों को भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में सम्मानित कराया जाए। डॉ. गोयल ने कहा कि निर्माण कार्यों की स्वीकृति में भी इन मोहल्ला समितियों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने ई-रिक्शा को बढ़ावा देने पर भी बल दिया। कलेक्टर ने कहा कि डबरा कस्बे में ई-रिक्शा का प्रयोग सफल रहा है और अब तक 100 से अधिक ई-रिक्शा डबरा कस्बे के हितग्राहियों को दिए जा चुके हैं।

अपर आयुक्त नगरीय प्रशासन श्रीमती मंजू शर्मा ने संभाग भर के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सभी नगरीय निकाय 8 फरवरी को आयोजित होने जा रहे कार्यक्रमों में सहायता वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही खासतौर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे सूची के अनुसार हितग्राहियों को अधिकार पत्र सौंपे जाएँ।

नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी ने बैठक में जानकारी दी कि नगर उदय अभियान के दौरान ग्वालियर शहर में एक लाख 24 हजार 176 हितग्राहियों को विभिन्न जन सेवाओं से लाभान्वित कराया गया है। उन्होंने बताया 24 हजार हितग्राहियों को 8 फरवरी को प्रस्तावित कार्यक्रम में सहायता वितरित की जायेगी। इनमें आवासीय योजनाओं के 5 हजार 724 हितग्राही शामिल हैं।

बैठक में बताया गया कि 8 फरवरी को ग्वालियर जिले के डबरा नगरीय निकाय में 5866, बिलौआ में 922, आंतरी में 440, पिछोर में 853 और नगर परिषद भितरवार में आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में 385 हितग्राहियों को लाभान्वित कराया जायेगा।

Share This News :